Bokaro News : जनगणना में दी गयी जानकारी रहेगी गोपनीय

Bokaro News : जनगणना में दी गयी जानकारी गोपनीय रहेगी.

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जनगणना कार्य दो चरणों में होगा. पहले चरण में एक से 15 मई तक स्व-गणना होगी. इसके बाद 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण व गणना का कार्य किया जायेगा. दूसरे चरण में नौ से 28 फरवरी 2027 (संभावित) के बीच जनसंख्या गणना (पीइ) होगी. शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेस से बात करते हुए उपायुक्त ने यह बातें कही. कहा कि जनगणना योजना निर्माण व समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है. यह देश की 16वीं व आजादी के बाद आठवीं जनगणना होगी. इस बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से जनगणना होगी.

जिला में 12 चार्ज, बीएस सिटी को मिला अलग दर्जा

जिला में जनगणना के लिए कुल 12 चार्ज निर्धारित किये गये हैं. इनमें नौ ग्रामीण, दो शहरी व एक चास नगर निगम का अलग चार्ज शामिल हैं. पहली बार बोकारो स्टील सिटी टाउनशिप को अलग चार्ज ऑफिस का दर्जा मिला है, जिसे जिला प्रशासन के पहल पर जनगणना निदेशालय, भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हुई है. इसके चार्ज पदाधिकारी चास सीओ होंगे.

एप व पोर्टल से होगी निगरानी

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक विशेष मोबाइल एप (एचएलओ एप) के माध्यम से घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे. पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीएमएमएस (सेंशस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) पोर्टल के जरीये होगी. स्व-गणना के तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल http//se.census.gov.in पर स्वयं अपने परिवार व आवास से जुड़े 33 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकेंगे. जनगणना में दी गयी सभी गोपनीय रखी जायेगी. इसका उपयोग केवल जनगणना कार्य के लिए ही होगा. इन आंकड़ों का उपयोग किसी भी जांच या साक्ष्य के रूप में नहीं किया जायेगा.

साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना के लिए कोई अलग मोबाइल एप आम नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं है. किसी भी प्रकार की जानकारी कॉल कर नहीं मांगी जायेगी. निर्धारित 33 प्रश्नों के अतिरिक्त कोई भी जानकारी नहीं दें. जनगणना के नाम पर किसी प्रकार का भुगतान नहीं करें व बिना पहचान सत्यापन के किसी को जानकारी नहीं दें. उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिक सही व सटीक जानकारी दें, प्रगणकों का सहयोग करें. स्व-गणना का अधिक से अधिक उपयोग करें.

जिला में व्यापक तैयारी

जनगणना कार्य के वरीय नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने बताया कि 3782 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स बनाये गये हैं. इसके लिए 678 सुपरवाइजर व 4039 प्रगणकों की तैनाती की गयी है. मास्टर ट्रेनर व अन्य अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. 27 अप्रैल से नौ मई तक फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक खालको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.

प्रगणक इन प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्रित करेंगे

घर के संबंध में प्रश्न

 मकान संख्या

 जनगणना मकान संख्या

 घर का फर्श किस सामग्री का है

 दीवार की सामग्री

 छत की सामग्री

 घर का उपयोग (आवासीय/अन्य)

 घर की स्थिति

परिवार से संबंधित प्रश्न

 परिवार की संख्या

 घर में रहने वाले व्यक्तियों की संख्या

 परिवार के मुखिया का नाम

 परिवार के मुखिया का लिंग

 परिवार के मुखिया की जाति (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य)

 घर स्वामित्व (स्वयं का/किराया)

 घर में कमरों की संख्या

 घर में विवाहित परिवारों की संख्या

जल, स्वच्छता एवं ऊर्जा संबंधी प्रश्न

 पेयजल का स्रोत

 पेयजल की उपलब्धता

 प्रकाश का मुख्य स्रोत

 शौचालय की उपलब्धता

 शौचालय का प्रकार

 गंदे पानी के निकास की व्यवस्था

 स्नान गृह की उपलब्धता

 रसोई घर की उपलब्धता (एलपीजी/पीएनजी सहित)

 खाना पकाने का मुख्य ईंधन

 परिवार के भोजन का मुख्य अनाज

घरेलू उपकरणों की उपलब्धता

 रेडियो

 टेलीविजन

 इंटरनेट सुविधा

 लैपटॉप/कंप्यूटर

 टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन

 साइकिल/स्कूटर मोटरसाइकिल/मोपेड

 कार/जीप/वैन

 मोबाइल नंबर (केवल जनगणना प्रयोजन के लिए)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >