बगदा में बारिश से बिगड़े हालात, घरों में घुस रहा पानी; नाली निर्माण की मांग

गिरिडीह के बगदा गांव में जल निकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। घरों में पानी घुसने से लोग त्रस्त हैं और प्रशासन से पक्की नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं।

कसमार प्रखंड के बगदा गांव स्थित महतो टोला में बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. सड़क के किनारे जलजमाव के कारण आसपास के घरों में पानी घुसने की स्थिति बनी हुई है. समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों ने सड़क के किनारे पक्की नाली निर्माण कराने की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन तैयार कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.

पानी की निकासी का रास्ता बाधित

ग्रामीणों के अनुसार, टोला में बरसात का पानी बहता हुआ मेन रोड के सामने जमा हो जाता है. सड़क के एक ओर घर बने हुए हैं, जबकि दूसरी ओर निजी जमीन है. ग्रामीणों का कहना है कि निजी जमीन की घेराबंदी के कारण पानी की निकासी का रास्ता अवरुद्ध हो गया है.

फोटो बगदा के महतो टोला में जलजमाव का दृश्य | Prabhat Khabar Network

इससे बारिश के दौरान पानी घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे दीवारों और फर्श को नुकसान पहुंच रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग खैराचातर बाजार को बगदा सहित भवानीपुर, रघुनाथपुर, मूंगो बगदा और अजया बगदा आदि गांवों से जोड़ता है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं. सड़क पर पानी जमा रहने से पैदल यात्रियों और दोपहिया व अन्य वाहनों को काफी परेशानी होती है.

जलजमाव के कारण कई हादसे हो चुके हैं

आवेदन में बताया गया है कि कई शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. जलजमाव के कारण विशेषकर साइकिल और बाइक से आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी होती है. ग्रामीणों के अनुसार जलजमाव के कारण पूर्व में दो दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें बच्चों के हाथ-पैर में चोट आयी थी.

सड़क किनारे पक्की नाली बनाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के एक किनारे पक्की नाली का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के पानी को इमली पेड़ के समीप बने पुल के माध्यम से बाहर निकाला जा सके. मांग करने वालों में देवनारायण महतो, निर्मल महतो, नारायण महतो, तुलसी दास महतो, करमचंद महतो, केशव महतो, गणेश महतो, प्रदीप महतो, रमेश महतो, गौतम महतो, सुभाष चन्द्र महतो, दीपक महतो, अंकुर महतो, सृष्टिधर महतो, दशरथ महतो, दिलीप महतो, उत्तम महतो, विनोद महतो, विनोद बिहारी महतो, कार्तिक महतो, संजय महतो आदि शामिल हैं .


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक सवाल

मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >