बोकारो. दी पेंटिकाॅस्टल असेंबली स्कूल बोकारो में गुरुवार का दिन शब्दों, विचारों और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के नाम रहा. मध्य व माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों ने कविता-पाठ और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में अपनी भाषण-कला, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया. कक्षा छह: के विद्यार्थियों ने सस्वर कविता-पाठ में भाव, लय व अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया. वहीं कक्षा सात व आठ के प्रतिभागियों ने सधे हुए तर्कों, तीखे प्रत्युत्तरों व आत्मविश्वासपूर्ण वक्तव्यों से वाद-विवाद को रोचक बनाया. कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कक्षा नौ व दस की अंतर-सदनीय वाद-विवाद प्रतियोगिता रही. इसका विषय था : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा को हानि की तुलना में अधिक लाभ पहुँचाएगी. पक्ष और विपक्ष के वक्ताओं ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं, चुनौतियों व नैतिक प्रश्नों पर तथ्यपूर्ण व विचारोत्तेजक तर्क रखे. विभिन्न चरणों, प्रतिवाद और समापन वक्तव्यों के दौरान विद्यार्थियों ने सूझ-बूझ, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी वक्तृत्व का परिचय दिया. प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने उत्साहवर्धन किया. प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने कहा : सच्ची शिक्षा विद्यार्थियों को केवल उत्तर देना नहीं, बल्कि प्रश्न करना, विचार करना व आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखना सिखाती है. इस आयोजन ने विद्यालय में विकसित हो रही भाषण-कला, वाद-विवाद और स्वस्थ वैचारिक संवाद की सुदृढ़ संस्कृति को रेखांकित किया.
दी पेंटिकाॅस्टल असेंबली स्कूल, छात्रों ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर रखे दमदार तर्क
बोकारो के दी पेंटिकाॅस्टल असेंबली स्कूल में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जहाँ छात्रों ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर अपने विचार रखे।

08 | Prabhat Khabar Network