Bokaro News : सांसद ने लोकसभा में उठायी विस्थापितों की समस्याएं

Bokaro News : गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने लोकसभा में बोकारो थर्मल, मैथन बांध और कोनार बांध परियोजना से संबंधित विस्थापितों की समस्याएं उठायी.

बेरमो. गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने लोकसभा में बोकारो थर्मल, मैथन बांध और कोनार बांध परियोजना से संबंधित विस्थापितों की समस्याएं उठायी. 377 नियम के अधीन सूचना के तहत केंद्र सरकार और विद्युत मंत्रालय से ऐसे विस्थापितों की समस्याओं पर संज्ञान लेने की मांग की है. कहा कि कहने को तो विस्थापितों को पुनर्वासित कर दिया गया है, आलम यह है कि इन लोगों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ तो मिलना दूर की बात है, अब राज्य सरकार भी इन्हें विस्थापित नहीं मानती है. उन्होंने ऐसे लोगों के नाम से आवंटित भूमि का म्यूटेशन करने, प्रत्येक पुनर्वासित परिवार को प्रमाण पत्र देने, प्राथमिकता के आधार पर स्थायी रोजगार देने का प्रावधान करने, विस्थापित गांवों में बिजली, पेयजल व अन्य बुनियादी सुविधाएं सहित आय बढ़ाने वाली योजनाओं का लाभ देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि डीवीसी ने वर्ष 1950-51 में बोकारो थर्मल, मैथन बांध और कोनार बांध परियोजना के लिए ग्रामीणों को विस्थापित कर नई बस्ती, नवाटांड़, लुआडीह, भुरसा, कैसरकरल गांव में बसा दिया. डीवीसी ने ऐसे दस्तावेजों के साथ बसाया है, जिन्हें राज्य सरकार ने पिछले भूमि सर्वेक्षण के दौरान स्वीकार नहीं किया. इसलिए पुनर्वासित लोग ऐसी भूमि पर रह रहे हैं जो दूसरों, वन, डीवीसी आदि के नाम पर दर्ज है. इन्हें इस जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिलने के कारण केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. ऐसे लोग पिछले 70 वर्षों से शरणार्थी की तरह रह रहे हैं. इस पर संज्ञान लेना आवश्यक है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >