कसमार थाना क्षेत्र के मोचरो गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप से डीएम 95 एमएम केबल तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गये केबल में से एक केबल भी बरामद किया गया है. पुलिस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष केबल की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.
18 अगस्त की रात हुई थी चोरी
एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह, जरीडीह इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह और कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने शनिवार को मामले की जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि 18 अगस्त की रात बजरंगबली मंदिर के समीप से करीब 400 मीटर केबल तार चोरी कर लिया गया था. मामले में तेलमंगरा निवासी विद्युत कर्मी हीरालाल जायसवाल के आवेदन पर कसमार थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी 20 अगस्त को धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज की गयी थी.
तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर 21 अगस्त को छापेमारी की गयी. इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में दिगंबर कुमार पांडेय (28), पिता कपिलदेव पांडेय, सेक्टर-3 क्वार्टर संख्या 376, बीएसएससी थाना क्षेत्र, बोकारो, स्थायी पता ग्राम धोरोंजी, पोस्ट देवरी, जिला गिरिडीह तथा चंदन कुमार दुबे (24), पिता रामचंद्र दुबे, जैनामोड़, मिश्रा साइड, थाना जरीडीह, बोकारो शामिल हैं.
निशानदेही पर केबल बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी किये गये केबल में से एक केबल बरामद किया गया. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ शेष चोरी गये केबल की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.
छापेमारी दल में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, पुअनि रंजन कुमार सिंह, पुअनि घनश्याम कुमार रवि, सअनि पंकज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
