मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम, सेक्टर-4 में शनिवार को तेज धूप और उमस के बीच युवा तीरंदाजों ने अपने निशाने का दम दिखाया. मौका था द्वितीय एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 के जूनियर वर्ग के मुकाबलों का. प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के रिकर्व व कंपाउंड वर्ग के करीब 250 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने लक्ष्य पर सटीक निशाना साधते हुए रैंकिंग और अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी.
एक-एक अंक के लिए खिलाड़ियों में दिखी कड़ी टक्कर
तेज धूप और उमस के बावजूद मैदान पर खिलाड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. तीरंदाज पूरी एकाग्रता के साथ लक्ष्य पर नजर टिकाये रहे. प्रत्येक निशाने के बाद स्कोर में होने वाले बदलाव के साथ मुकाबले का रोमांच बढ़ता रहा. रैंकिंग और एलिमिनेशन राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की नजर अगले चरण में प्रवेश करने पर रही. जूनियर वर्ग के कई खिलाड़ियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर रहा.
मौसम की चुनौती के बीच धैर्य की परीक्षा
लगातार मुकाबलों के दौरान गर्मी और उमस खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण रही. इसके बावजूद खिलाड़ियों ने धैर्य और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला जारी रखा. प्रशिक्षक भी खिलाड़ियों को पर्याप्त पानी पीने और हाइड्रेशन बनाए रखने की सलाह देते नजर आये. मैदान में खिलाड़ियों का ध्यान मौसम से अधिक अपने लक्ष्य और स्कोर पर रहा. प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के मुकाबलों ने आयोजन में रोमांच और बढ़ा दिया है.
राष्ट्रीय मंच से मिलेगी प्रतिभा को नयी दिशा : डॉ. लंबोदर महतो
जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. लंबोदर महतो, पूर्व विधायक सह अध्यक्ष, बोकारो जिला तीरंदाजी संघ ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बड़े स्तर का अनुभव हासिल करने का अवसर देती हैं. ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानने और उन्हें दूर कर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है.
देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों पर टिकी खेलप्रेमियों की नजर
द्वितीय एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से युवा खिलाड़ी पहुंचे हैं. जूनियर वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों की नजर बनी हुई है. रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजों के लिए प्रतियोगिता आगे बढ़ने के साथ चुनौती और बढ़ेगी.
मौके पर सुमन चंद्र महंती, पर्यवेक्षक सह संयुक्त सचिव, भारतीय तीरंदाजी संघ, सुषमा देवी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष, बोकारो, एंजेला सिंह, सचिव, बोकारो जिला तीरंदाजी संघ, अजय सिंह, वरीय उपाध्यक्ष, हेमलता बून, जिला खेल पदाधिकारी, बोकारो, स्वामी सत्यकृष्ण महाराज, नागमणि, समाजसेवी पंकज कुमार सहित संघ के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद थे.
