Bokaro News : अवैध बालू खनन रोकने का निर्देश

Bokaro News : जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को हुई.

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को हुई. अवैध बालू खनन व परिवहन की रोकथाम, वैध बालू घाटों के संचालन, खनिज संपदा की सुरक्षा व विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर समीक्षा हुई. उपायुक्त ने कहा कि जिला में अवैध बालू खनन व खनिजों के अवैध परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई करें. अवैध खनन से राजस्व की क्षति होने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है. इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चला कर कार्रवाई करें.

उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार को निर्देश दिया कि वन विभाग की ओर से अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गयी कार्रवाई का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्राप्त करें. वन विभाग, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग व जिला प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाएं. संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाएं.

स्वीकृति प्राप्त बालू घाटों का जल्द हो संचालन

डीएमओ रवि कुमार ने बताया कि जिला के सात में से दो बालू घाटों को स्वीकृति सहित अन्य आवश्यक क्लियरेंस प्राप्त हो चुका है. इस पर उपायुक्त ने सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए दोनों घाटों का संचालन जल्द शुरू कराने की बात कही. उपायुक्त ने डीटीओ मारुति मिंज को बिना नंबर प्लेट अथवा अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टर व वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की बात कही. उपायुक्त ने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने व दोषी वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

डीएमओ ने कार्रवाई की रिपोर्ट दी

डीएमओ ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 से 13 मार्च 2026 तक चलाये गये विशेष अभियान के दौरान बालू, पत्थर व कोयला से संबंधित 301.825 इकाई खनिज जब्त किया गया. इस दौरान अवैध खनिज परिवहन व खनन में संलिप्त 46 वाहनों को जब्त किया गया. 12 प्राथमिकी दर्ज की गयी. विभिन्न मामलों में 2.45 लाख रुपया जुर्माना वसूला गया. बैठक में अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, एसडीपीओ सिटी आलोक रंजन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित सभी प्रखंड के बीडीओ व सीओ मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >