स्कूलों के पास नशे का कारोबार मिला तो होगी कार्रवाई, डीसी ने बताया एक्शन प्लान

बोकारो डीसी ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त निर्देश दिए हैं। स्कूलों के पास विशेष निगरानी और हॉटस्पॉट पर नियमित छापेमारी के लिए विस्तृत एक्शन प्लान बनेगा।

जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है. सोमवार को डीसी कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनकोर्ड कमेटी की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा ने की. बैठक में नशे के अवैध कारोबार, सेवन की रोकथाम, नशामुक्ति अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, छापेमारी, जब्ती और विभागीय कार्रवाई की समीक्षा की गई.

डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि नशे की समस्या राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की गंभीर चुनौती है. जिले में नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों को न्यूनतम स्तर तक लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परिणामपरक कार्रवाई करनी होगी.

स्कूलों के आसपास रहेगी विशेष नजर

डीसी ने स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन की संभावित गतिविधियों पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्कूल आने-जाने और छुट्टी के समय, खासकर सुबह और शाम संवेदनशील विद्यालयों के आसपास नियमित अभियान चलाया जाए.

चिह्नित हॉटस्पॉट पर अलग-अलग दिनों में पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें निगरानी करेंगी. डीसी ने कहा कि किसी स्थान पर तत्काल आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिलने के बावजूद कुछ दिनों के अंतराल पर दोबारा जांच और निगरानी की जानी चाहिए.

जरीडीह समेत संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

डीसी ने जरीडीह क्षेत्र समेत अन्य चिन्हित संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए.

मेडिकल दुकानों पर भी होगी निगरानी

बैठक में मेडिकल दुकानों में बिना चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर भी निर्देश दिए गए. ड्रग इंस्पेक्टर को नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

स्कूलों में चलेगा संयुक्त जागरूकता अभियान

डीसी ने विद्यालयों में चल रहे नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. इसके लिए शिक्षा विभाग के साथ पुलिस, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को जोड़कर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

एसपी बोले- नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों के नेटवर्क को चिह्नित किया जा रहा है.

उन्होंने सभी संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय और आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही.

बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एडीपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा कुमार कनिष्क, उप निदेशक रवि कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >