बोकारो से मुकेश झा की रिपोर्ट
Bokaro News: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाघाट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र गहरे पानी में डूब गए. हादसे में एक छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र शनि की तलाश देर शाम तक जारी रही. घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह नदी किनारे अचानक बच्चों के डूबने की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंच गए. पुलिस और प्रशासन की टीम भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया गया.
ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे छात्र
मिली जानकारी के मुताबिक एलएच आजाद नगर के रहने वाले तीन छात्र सनी, विष्णु और रवि एक स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि तीनों मिड प्वाइंट पब्लिक स्कूल के छात्र हैं. परिजनों ने बताया कि छात्र सुबह घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में उनके नदी जाने की जानकारी सामने आई. बताया जा रहा है कि नदी में उतरने के दौरान तीनों दोस्त नहा रहे थे. इसी बीच विष्णु और शनि अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. तीसरे छात्र ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग नदी की ओर दौड़े.
स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही बरवाघाट के स्थानीय गोताखोर नदी में उतरे और दोनों छात्रों की तलाश शुरू की गई. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने विष्णु का शव नदी से बाहर निकाल लिया. हालांकि दूसरे छात्र शनि का देर तक कोई सुराग नहीं मिल सका. नदी में पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण खोज अभियान में परेशानी आ रही है. पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश अभियान चला रहे हैं. प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बचाव दल बुलाने की भी बात कही है.
नदी किनारे पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन और रिश्तेदार नदी किनारे पहुंच गए. विष्णु का शव बाहर निकलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मौके पर मौजूद कई लोग भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे. घटना के बाद बरवाघाट इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोग प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: डेढ़ महीने से जेल में हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता, कर्मचारियों के घर चूल्हा जलाना मुश्किल
पुलिस कर रही मामले की जांच
हरला थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता छात्र की तलाश जारी है और जल्द ही उसे खोज निकालने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से नदी में सावधानी बरतने और गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: सेल में 11 करोड़ के फर्जी भुगतान का आरोप, पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने खोला मोर्चा
