राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बोकारो जिले के सरकारी विद्यालयों में खेल गतिविधियों का बड़ा अभियान चलाया जाएगा. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर 28 से 30 अगस्त तक जिले के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे.
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना, उनमें फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना विकसित करना तथा छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है. पहले दिन विद्यालयों में पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक जैसे फिटनेस चैलेंज के साथ पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन कराया जाएगा.
खेल और स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन, नारा एवं निबंध प्रतियोगिता भी होगी. योग, मार्शल आर्ट, रस्साकशी, पारंपरिक खेल और तीरंदाजी जैसी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी. 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. उनके जीवन, खेल उपलब्धियों और अनुशासन पर विद्यार्थियों व शिक्षकों का संबोधन होगा. खेल शपथ और हाउसवार मार्च पास्ट के बाद विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले होंगे.
छोटे बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़ और तीन टांग दौड़, जबकि कक्षा 6 से 8 के लिए 100 व 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस होंगे. कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी 400 व 800 मीटर दौड़ के साथ फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल में दम दिखाएंगे. डीईओ-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करता है. उन्होंने सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और पेयजल, प्राथमिक उपचार व सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया.
