Bokaro News: विधानसभा चुनाव में चूक हुई, पर नगर निकाय चुनाव में जीत हासिल करेंगे : अरुण सिंह

Bokaro News: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने चास में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित, कहा : पार्टी समर्थित उम्मीदवार के विरोध में कोई चुनाव लड़ता है, तो यह पाप है.

बोकारो, भाजपा के असली मालिक कोई है तो वह हैं कार्यकर्ता. बूथ स्तर के कार्यकर्ता के कारण ही पार्टी शीर्ष तक पहुंची है. यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कही. बुधवार को श्री सिंह चास नगर निगम स्थित पार्टी समर्थित उम्मीदवार के मुख्य कार्यालय में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. श्री सिंह ने कहा कि त्याग व तपस्या से बनी पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के विरोध में कोई चुनाव लड़ता है, तो यह पाप है.

महासचिव श्री सिंह ने कहा कि चास से पार्टी ने एक कार्यकर्ता सह बूथ अध्यक्ष को उम्मीदवार बनाया है. यह सिर्फ भाजपा में हो सकता है. भाजपा का कार्यकर्ता होना भी गौरव की बात है. कार्यकर्ता के बदौलत ही 21 राज्य में सरकार है. तीन बार से केंद्र में सरकार है. भाजपा का कार्यकर्ता विचारधारा के लिए काम करता है. पंच निष्ठा का संकल्प लेकर कोई भाजपा का सदस्य बनता है. पार्टी के निर्णय के साथ कार्यकर्ता रहते हैं. इसलिए अगर अविनाश कुमार को चास ननि से मेयर का उम्मीदवार बनाया गया है, तो यह कार्यकर्ता का ही निर्णय है. इसमें कोई कंफ्यूजन नहीं होनी चाहिए. जब संसद का सत्र चलेगा तो सांसदों को बताया जायेगा कि एक बूथ अध्यक्ष को पार्टी ने मेयर का उम्मीदवार बनाया है. विधानसभा चुनाव में कुछ चूक या कमी के कारण हार का सामना करना पड़ा है. लेकिन, नगर निकाय चुनाव में जीत हासिल करना है.

राज्य में अपराधीकरण का बोलबाला

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि प्रदेश में अपराधीकरण का बोलबाला है. हर तरफ लूट की छूट है. बच्चा चोरी की घटना में इजाफा हुआ है. झामुमो नगर निकाय चुनाव में ऐन-प्रकरेण जीत हासिल कर नाकामी के दाग को मिटाना चाहती है. लेकिन, जनता ने मन बना लिया है. महासचिव श्री सिंह ने कहा कि एक ओर भारत एआइ की दुनिया में अग्रणी भूमिका निभा रही है. भारत को विश्व का सिरमौर बनाने की दिशा में पीएम नरेंद्र मोदी लगातार काम कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ झारखंड को पीछे धकेलने की कोशिश हो रही है. वर्तमान तकनीक वाले जमाने में बैलेट पेपर से चुनाव कराया जा रहा है. यह हेमंत सरकार की साजिश का हिस्सा है. श्री सिंह ने आह्वान किया कि वोट की चोट देकर सरकार को आइना दिखाना है. सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयदेव राय ने की. संचालन जयप्रकाश तापड़िया व धन्यवाद ज्ञापन विक्की राय ने किया. मौके पर पूर्व विधायक बिरंची नारायण, लक्ष्मण सिंह, राकेश भास्कर, भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अविनाश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह, भरत यादव, मुकुल ओझा,धीरज झा, मुकेश राय, संजय त्यागी समेत अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >