बोकारो, एनसीइआरटी की किताबों पर भरोसा करें, इससे बेसिक समझ मजबूत होगी. परीक्षा में सवालों को हल करने में आसानी होगी. ये बातें जेइइ मेंस में बोकारो जिला टॉपर ओम कुमार (99 85) ने बोकारो पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयाेजित सम्मान समारोह में कही. बता दें कि ओम बोकारो पब्लिक स्कूल के ही छात्र हैं. ओम ने बताया कि जेइइ मेंस परीक्षा की तैयारी के लिए मॉक टेस्ट बहुत जरूरी है. परीक्षार्थी जितना भी मॉक टेस्ट हल कर सकते हैं, जरूर करें. इससे परीक्षा में पेपर को सही तरीके से हल करने की रणनीति समझ में आयेगी. प्रतिदिन चार से पांच घंटे की सेल्फ स्टडी जरूरी है.
अभिभावकों का सहयोग जरूरी : प्राचार्या
ओम के पिता ऋषि प्रसाद सरकारी विद्यालय जामगोड़िया में प्रभारी हैं. मां रागिनी प्रसाद गृहिणी हैं. ओम सहित स्कूल के जेइइ मेन्स में सफल अन्य छात्रों व उनके माता-पिता को भी प्राचार्या डॉ सुधा शेखर ने सम्मानित किया. कहा कि अभिभावकों का सहयोग जरूरी है. विद्यालय के अन्य छात्र साहिल मूर्मू, आलोक बाउरी व सौरभ कुमार ने भी उक्त परीक्षा में सराहनीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है.
ये थे माैजूद
मौके पर विद्यालय के निदेशक कैप्टन आरसी यादव, उप प्राचार्य विश्वजीत पाल, वरीय शिक्षक अजीत कुमार झा, अरविंद कुमार, केदार कुमार के साथ अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी को बधाई दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
