बोकारो, बोकारो जिले में गुरुवार को दूसरे दिन भी मैट्रिक व इंटर की परीक्षा कदाचारमुक्त व शांतिपूर्वक संपन्न हुई. मैट्रिक की परीक्षा पहली पाली में पूर्वाह्न 9:45 बजे से अपराह्न 1:00 बजे बजे तक चली. वहीं 12वीं की परीक्षा दूसरी पाली में अपराह्न दो बजे से 5:15 बजे तक चली. डीइओ जगरनाथ लोहरा ने बताया कि दोनों पाली में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में हुई. बताया पहली पाली में आयोजित मैट्रिक परीक्षा में कुल 786 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें 783 परीक्षार्थी शामिल हुए. जबकि तीन छात्र-छात्राएं अनुपस्थित थे. कुल 22 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गयी. वहीं दूसरी पाली में आयोजित इंटर की परीक्षा कुल 40 सेंटर में आयोजित की गयी. इंटर की परीक्षा में कुल 15031 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें 14889 परीक्षार्थी शामिल हुए और 142 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे.
सुरक्षा व्यवस्था थी कड़ी
सभी केंद्रों पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूरी सख्ती बरती जा रही है. इस दौरान केंद्रों के मुख्य गेट व केंद्रों के अंदर भी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. परीक्षार्थी ससमय परीक्षा देने के लिए अंदर जा रहे थे, उन सभी को एक-एक कर जांच की गयी. इसके अलावा सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर स्टैटिक दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी थी. इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों में विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर दंडाधिकारी के साथ साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गयी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
