जैनामोड़, जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़-फुसरो सड़क के ठाकुरटांड में गुरुवार को हुए हादसे में बाइक सवार एक की युवक की मौत व दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक पर सवार दोनों युवक दोस्त बताये जा रहे है. मृतक की पहचान कसमार थाना क्षेत्र के दांतु के हुलमाजोड़ा गांव के 25 वर्षीय अजय कुमार सिंह (पिता धनेश्वर सिंह) के रूप में हुई. वहीं घायल युवक की पहचान नहीं हो पायी.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार पिकअप वैन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई. पिकअप वैन फुसरो से जैनामोड़ की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गयी. अजय की मौके पर ही मौत हो गयी. गंभीर रूप से जख्मी दूसरे युवक को जरीडीह पुलिस जैनामोड़ अस्पताल ले गयी, जहां चिकित्सक ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बोकारो भेज दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक ने हेलमेट नहीं पहना था. वहीं हादसे के बाद पिकअप वैन को मौके पर छोड़ चालक भाग निकला.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
