Bokaro News: सेल के पदनाम से संबंधित सर्कुलर को बीएसएल में शीघ्र लागू किया जाये

Bokaro News: आइआर विभाग के महाप्रबंधक से मिला बोकारो इस्पात डिप्लोमाधारी कामगार यूनियन का प्रतिनिधिमंडल, छह सूत्री मांग पत्र सौंपा

बोकारो, बोकारो इस्पात डिप्लोमाधारी कामगार यूनियन (बीडू) का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को आइआर विभाग के महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार से मिला. बीएसएल के अधिशासी निदेशक के नाम छह सूत्री मांग पत्र सौंपा गया. यूनियन के महामंत्री संदीप कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को हर फोरम पर उठाते रहे हैं और समाधान तक उठाते रहेंगे. बीएसएल कर्मी निष्ठा के साथ प्लांट के अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रयासरत है. प्रबंधन का भी कर्तव्य बनता है कि कर्मियों के फ्यूचर ग्रोथ व वेलफेयर के मुद्दों पर गंभीरता पूर्वक विचार करे. जुलाई 2024 में सेल कॉरपोरेट ऑफिस द्वारा सेल में कार्यरत कर्मचारियों के लिए पदनाम से संबंधित एक सर्कुलर जारी किया गया था, उसे अविलंब बोकारो स्टील में लागू किया जाय, जिससे वर्षों से चले आ रहे पदनाम ऑपरेटर, टेक्नीशियन, फिटर, खलासी, रिगर आदि समाप्त हो सके. बीडू की मांग है कि सेल में डिप्लोमा अभियंताओं की बहाली राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धात्मक चयन प्रक्रिया के आधार पर होती है. इसलिए डिप्लोमा इंजीनियर्स के सीनियरिटी की गिनती उनके जॉइनिंग डेट से ही की जाये, जिससे कि किसी भी डिप्लोमा इंजीनियर को भविष्य में क्लस्टर सी प्रमोशन में कोई दिक्कत ना हो. प्लांट के संचालन में नॉन एग्जीक्यूटिव कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसलिए उन्हें भी प्लांट के अंदर चार पहिया वाहन ले जाने की अनुमति दी जाय. आवासीय कॉलोनी में गैरेज बनाने की अनुमति मिले.

बंद खाली पड़े सी टाइप आवास डिप्लोमा इंजीनियर्स को किया जाये आवंटित

श्री संदीप ने कहा कि बंद खाली पड़े सी टाइप आवासों को वरीयता के आधार पर डिप्लोमा इंजीनियर्स को आवंटित किया जाय. बोकारो क्लब की तर्ज पर नॉन एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों के लिए भी जल्द से जल्द सेक्टर 3 सामुदायिक भवन को शुरू कराया जाय, जिसके अंदर टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, मल्टी जिम, बच्चों के खेलने की सुविधा, रेस्टोरेंट-बार, स्विमिंग पूल आदि की सुविधा उपलब्ध हो. बीएसएल में ऑन रोल कर्मचारियों को ओपीडी में प्राथमिकता दी जाय या फिर उनके लिए अलग से टाइम स्लॉट दिया जाय. प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री के अलावा कोषाध्यक्ष सोनू शाह, संगठन मंत्री नाबानंदनेश्वर हेम्ब्रम, सिद्धार्थ सेन, चंदन कुमार शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >