बोकारो, सीबीएसइ नयी दिल्ली की ओर से आयोजित 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी. बोकारो जिले में 20 परीक्षा केंद्रों पर कुल 16548 विद्यार्थी बोर्ड देंगे. 15 को अंग्रेजी विषय के साथ 10वीं व 17 फरवरी को फिजिकल एजुकेशन के साथ 12वीं की परीक्षा शुरू होगी. 10वीं के 9412 व इंटरमीडिएट के 7136 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. तैयारी पूरी कर ली गयी है. ये जानकारी गुरुवार को सीबीएसइ के सिटी को-ऑर्डिनेटर सह चिन्मय विद्यालय बोकारो के प्राचार्य सूरज शर्मा ने दी. श्री शर्मा ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वह घर में खुशनुमा वातावरण बनाये रखें.
केंद्रों पर अपने विद्यालय के यूनिफॉर्म में जायें विद्यार्थी
श्री शर्मा ने बताया कि सीबीएसइ नयी दिल्ली की ओर से जारी दिशा-निर्देश से निर्धारित परीक्षा केंद्रों को अवगत करा दिया गया है. परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय सुबह 10 बजे से पहले पहुंचना है. साथ में एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल व परीक्षा संबंधित सामग्री लेकर हीं आना है. परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी अपने विद्यालय के यूनिफॉर्म में जायें. साथ में विद्यालय का आइकार्ड ले जाना जरूरी है. कहा कि विद्यार्थी सभी प्रश्नों के उत्तर सिलसिलेवार दे. सभी प्रश्नों को पहले अच्छी तरह से पढ़े, फिर उसका उत्तर दें. पूरे विश्वास के साथ अपनी परीक्षा दें खुद पर विश्वास बनाये रखें. परीक्षा तनाव मुक्त होकर दें, सफलता अवश्य मिलेगी. अभिभावक बच्चों से सकारात्मक बातें करें. बच्चे बेहतर करेंगे, यह उन्हें विश्वास दिलाये. दबाव न डालें.निर्धारित परीक्षा केंद्र
10वीं व 12वीं बोर्ड के लिए सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर तीन, डीएवी सेक्टर चार, चिन्मय विद्यालय बोकारो, दिल्ली पब्लिक स्कूल सेक्टर चार, होली क्रॉस बालीडीह, पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया, डीएवी ढोरी, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर पांच, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल-चास, एमजीएमएचएस सेक्टर चार, डीएवी स्वांग, बीआरएल डीएवी भंडारीडाह, श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर पांच, दी पेंटीकॉस्टल असेंबली स्कूल सेक्टर-12, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर छह, डीएवी तेनुघाट, डीपीएस चास, केंद्रीय विद्यालय चंद्रपुरा, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 सेक्टर चार, केंद्रीय विद्यालय-बोकारो थर्मल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
