ललपनिया से रामदुलार पंडा की रिपोर्ट
Bokaro Crime: झारखंड के बोकारो के गोमिया प्रखंड के तिलैया पंचायत अंतर्गत लुगू पहाड़ की तलहटी स्थित कारीपानी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बेटे ने नशे की हालत में अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी. घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. वारदात के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
पिता की फटकार से भड़का विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात घर लौटा था. वह नशे में धुत था. उसकी इस आदत से लंबे समय से परेशान उसके पिता जयलाल करमाली (63) ने उसे फटकार लगाई. उन्होंने बेटे से कहा कि उसकी शराब की लत के कारण परिवार में हमेशा अशांति रहती है और पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है. पिता की बात सुनकर अर्जुन आपा खो बैठा. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में उसने घर में रखी टांगी उठाकर अपने पिता के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी अर्जुन करमाली को पकड़ लिया और उसे घर में ही बांधकर रखा. पुलिस को मामले की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हत्या में इस्तेमाल टांगी भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर ली है. जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
मुखिया ने जताया दुख
शनिवार सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी घटनास्थल पहुंची. उन्होंने घटना को बेहद दुखद और शर्मनाक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है.
यह भी पढ़ें: लाखों रुपये खर्च कर बूटी मोड़ में बनाया गया मीट हाउस, बरसों से बना है शोपीस, देखें वीडियो
यह भी पढ़ें: रांची में 177 करोड़ में बनेगा पहला शानदार सिक्स लेन का स्मार्ट रोड, फुटपाथ के साथ बनेगा साइकिल ट्रैक
यह भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक
