नहीं रहे बेरमो के चर्चित गणित शिक्षक गरीब दास

नहीं रहे बेरमो के चर्चित गणित शिक्षक गरीब दास

बेरमो. बेरमो के प्रतिष्ठित राम बिलास प्लस टू उच्च विद्यालय से सेवानिवृत्त गणित शिक्षक गरीब दास का निधन मंगलवार की सुबह 7.30 बजे रांची स्थित द्वारिका कुंज अपार्टमेंट में हो गया. वह 92 वर्ष के थे. अंतिम संस्कार आज रांची में ही किया गया. अपने पीछे तीन पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. मंगलवार को मॉर्निंग वॉक और नहाने के बाद उन्होंने नाश्ता किया. इसके बाद बिस्तर पर लेट गये. लेकिन फिर नहीं उठे. उनके निधन पर स्कूल के शिक्षकों के अलावा पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, भाजपा नेता मधुसूदन सिंह, रामचंद्र सिंह, शोमुवा के सुबोध सिंह पवार, शिक्षक संजय कुमार सिन्हा, समाजसेवी दीपक सिंह आदि ने शोक जताया है.

राम बिलास उच्च विद्यालय में की थी नौकरी :

बिहार के डुमराव से मैट्रिक व बलिया से आइएससी की परीक्षा पास करने के बाद मात्र 18 वर्ष की उम्र में गरीब दास 50 के दशक में बेरमो आये थे. उनके पिता रामेश्वर प्रसाद सीसीएल के जारंगडीह में हेड क्लर्क थे. मौसेरे भाई यूएसपी सिन्हा कथारा एरिया में डिप्टी सीएमइ थे. करगली में सीसीएल के टाइम कीपर पद पर कार्यरत राजेंद्र प्रसाद से गरीब दास की मुलाकात हुई. एक दिन उनके साथ शतरंज खेल रहे थे. इसी दौरान राम बिलास उच्च विद्यालय के प्राचार्य बीएन प्रसाद भी वहां आ गये. शतरंज में गरीब दास ने उन्हें हरा दिया. इसके बाद प्राचार्य ने स्कूल में शिक्षक की नौकरी दी. उन्होंने मात्र 19 वर्ष की उम्र में दो अगस्त 1951 को नौकरी ज्वाइन की. लेकिन दो-तीन माह बाद ही उन्होंने स्कूल छोड़ दिया और वापस गांव जाकर खेती करने लगे. बलिया के सतीशचंद्र कॉलेज से गणित विषय लेकर बीए किया. इसके बाद फिर बेरमो आ गये. राम बिलास उच्च विद्यालय में इतिहास के एक शिक्षक के नौकरी छोड़ने पर प्राचार्य बीएन प्रसाद ने उन्हें उनकी जगह नौकरी करने को कहा. गरीब दास 19 सितंबर 1958 को यहां शिक्षक बहाल हुए. वर्ष 1993 में सेवानिवृत्त हुए थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >