डीसी ने लोक संवाद के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

डीसी अजय नाथ झा ने गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत में आयोजित लोक संवाद में ग्रामीणों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को न केवल समस्याओं को सुनने बल्कि उनके समाधान से पंचायत के विकास और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया.

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को डीसी अजय नाथ झा ने गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत में आयोजित लोक संवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाये गये मामलों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.

डीसी ने कहा कि लोक संवाद का उद्देश्य केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान के माध्यम से पंचायत के विकास और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है. उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मामले की कार्रवाई की स्पष्ट प्रक्रिया और समय-सीमा तय कर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

स्कूल अपग्रेड होने तक बस की होगी वैकल्पिक व्यवस्था

मध्य विद्यालय डुमरी बिरहोर को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने के मामले में डीइओ ने बताया कि राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है. डीसी ने निर्देश दिया कि विद्यालय के अपग्रेड होने तक बच्चों के गोमिया प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यालयों में आने-जाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत स्कूल बस की वैकल्पिक व्यवस्था की जाये. डीटीओ और संबंधित पदाधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.

सड़क-पुल की समस्याओं का होगा सर्वे

धमदरबा-कासीटांड़ से बिरहोरडेरा जाने वाली सड़क, डुमरी से बड़कीकोयाटांड़ सड़क और तुलबुल-ढेंढे-सियारी सड़क पर क्षतिग्रस्त पुल से संबंधित मामलों की समीक्षा की गयी. डीसी ने विशेष प्रमंडल की टीम को 30 अगस्त तक स्थल सर्वे कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. जरूरत के अनुसार अनटाइड फंड से भी कार्य कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा.

आवास व स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

डीसी ने गोमिया बीडीओ महादेव महतो को चिह्नित गांवों में जर्जर प्रधानमंत्री आवास वाले पात्र परिवारों के आवास की मरम्मत और स्वीकृति को लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. सीएसआर के तहत ओएनजीसी से एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा.

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय रोजगार से जोड़ने तथा पत्तल और रस्सी निर्माण जैसी गतिविधियों के लिए जरूरी मशीन व संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

सियारी को मॉडल पंचायत बनाने पर जोर

डीसी ने सियारी पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा. विशेष कोचिंग, बेहतर शैक्षणिक अवसर, स्वरोजगार, कम्युनिटी फार्मिंग और इंटीग्रेटेड फार्मिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया. साथ ही नशामुक्त पंचायत बनाने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा.

मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एसी सुनील चंद्र, उप निदेशक सह डीपीआरओ रवि कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, एडीपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >