क्या भाजपा जिलाध्यक्ष को बदलने की हो रही तैयारी ?

बोकारो: भाजपा बोकारो इकाई में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. पार्टी के एक विधायक व जिलाध्यक्ष में लगातार शहमात का खेल चल रहा है. यह खेल अब खुले मंच पर भी सामने आने लगा है. यहां तक की विधायक ने जिलाध्यक्ष बदलने के लिए प्रदेश महामंत्री से सिफारिश तक कर दी गयी. नये जिलाध्यक्ष […]

बोकारो: भाजपा बोकारो इकाई में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. पार्टी के एक विधायक व जिलाध्यक्ष में लगातार शहमात का खेल चल रहा है. यह खेल अब खुले मंच पर भी सामने आने लगा है. यहां तक की विधायक ने जिलाध्यक्ष बदलने के लिए प्रदेश महामंत्री से सिफारिश तक कर दी गयी.

नये जिलाध्यक्ष का नाम भी सुझाव स्वरूप दे दिया गया. लेकिन, प्रदेश आलाकमान व जिला के कुछ वरीय नेताओं के कारण वर्तमान जिलाध्यक्ष की कुर्सी बच गयी.
सरदार पटेल की मूर्ति अनावरण में नहीं पहुंचे थे जिलाध्यक्ष : पिछले दिनों गरगा पुल बोकारो के पास लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति का अनावरण किया गया था. कार्यक्रम में भाजपा के दर्जनों पदाधिकारी समेत विधायक व सांसद हाजिर हुए थे. लेकिन, जिलाध्यक्ष नहीं आये थे. साथ ही कई पुराने भाजपाई ने भी कार्यक्रम से दूरी बना कर रखी. इसी तरह चंदनकियारी में आयोजित भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक में एक विधायक गैर हाजिर रहे. इसके अलावा भी कई ऐसे कार्यक्रम हुए, जिसमें उक्त विधायक व जिलाध्यक्ष के बीच दूरी देखी गयी.
शह-मात का खेल यहां भी
भाजपा बोकारो में सिर्फ जिलाध्यक्ष व एक विधायक के मतभेद की बात ही चर्चा में नहीं है. चर्चा है कि सूबे के एक मंत्री चास नगर निगम महापौर भोलू पासवान को भाजपा में शामिल कराना चाहते हैं. लेकिन, बोकारो विधायक व मेयर साहब की खींच-तान अखबारों की सुर्खियां बटोर रही है. लड़ाई सोशल मीडिया तक पहुंच गयी है. इसमें मेयर व विधायक समर्थक आपस में भिड़ जाते हैं. चंदनकियारी क्षेत्र में पिछले दिनों मुख्यमंत्री के दौरा में मेयर व बोकारो विधायक के बीच दूरी स्पष्ट रूप से थी.
टोल प्लाजा मामले में हुई किरकिरी
टोल प्लाजा मामला में भाजपा का कलह सामने आया. भाजयुमो नेता अविनाश सिंह धरना पर बैठ गये. मामला पर कोई सुनवाई नहीं होते देख अविनाश सिंह ने बेरमो विधायक व गिरिडीह सांसद का पुतला फूंका. इसके बाद जिलाध्यक्ष ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अविनाश सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया. सदस्यता रद्द करने के फैसले को बेरमो विधायक ने गलत ठहराया. टोल प्लाजा मामले में पार्टी दो भाग में बंटी दिखी.
यह सब अफवाह है. पार्टी एक सूत्र में बंध कर काम कर रही है. किसी कार्यक्रम में नेताओं की अनुपस्थिति कोई मसला नहीं है. हमलोग इन अफवाहों पर ध्यान भी नहीं दे रहे हैं. 2019 की तैयारी में पार्टी पूरे दमखम के साथ लगी है. पांच नवंबर के हुए कार्यक्रम में प्रभारी विद्युत वरण महतो समेत प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ भी शामिल हुए.
जगन्नाथ राम, जिलाध्यक्ष- भाजपा बोकारो

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >