बोकारो: बोकारो में जनवरी माह में हुई होमगार्ड की बहाली में चयनित अभ्यर्थियों ने बुधवार को योगदान के संबंध में डीसी से मिलकर कार्रवाई की मांग की. डीसी ने इस संबंध में मामला पुलिस मुख्यालय के अधीन रहने की बात कही. गौरतलब है कि बहाली की मेधा सूची जारी की गयी थी, लेकिन अब तक किसी को योगदान नहीं कराया गया है. मेधा सूची के अभ्यर्थियों ने अब तक इस मामले में बोकारो विधायक, सांसद, होम गार्ड के महानिदेशक तक से गुहार लगा चुके हैं.
जांच में बहाली की गड़बड़ी का हुआ था खुलासा : जनवरी माह में हुई होम गार्ड की बहाली में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद एसपी वाइएस रमेश ने जांच में गड़बड़ी की बात पायी व इस संबंध में मुख्यालय को रिपोर्ट भी सौंपी. उसके बाद मुख्यालय ने तत्कालीन हेडक्वार्टर डीएसपी अजय कुमार का स्थानांतरण कर दिया. वहीं योगदान पर रोक लगा दिया. जानकारों की माने तो मुख्यालय से आदेश आने के बाद ही जिला स्तर पर कोई कार्रवाई संभव है.
