बोकारो: लंबे अर्से के बाद बोकारो वासियों की सुविधा के लिए सदर अस्पताल में पीपीपी मोड पर डायलिसिस यूनिट शुरू कर दी गयी. सोमवार को पहले दिन तलगड़िया की पोइलाडीह से बीपीएल कार्डधारी एस देवी अस्पताल पहुंची. एस देवी की डायलिसिस की गयी. बीपीएल कार्डधारियों को यह सुविधा नि:शुल्क मिलेगी, जबकि आम लोगों को प्रति डायलिसिस केवल 1048 रुपये खर्च करने होंगे.
अन्य अस्पतालों में यह सुविधा 2500 सौ रुपये में मिलती है. डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण सोमवार को सीएस डॉ एस मुर्मू, डीएस डॉ अर्जुन प्रसाद, डीएमओ एके पाद्दार, डीटीओ डॉ बीपी गुप्ता ने किया.
डायलिसिस यूनिट की इंचार्ज डीसीडीसी किडनी केयर संस्थान की चिकित्सक डॉ श्वेता है. उन्होंने बताया : आम लोगों को यह सुविधा 1048 रुपये में हासिल होगी. कई मरीजों के परिजन अस्पताल में जानकारी लेने आये थे. यह सुविधा स्वास्थ्य विभाग व निजी संस्थान डीसीडीसी किडनी केयर संस्थान की ओर से दी जा रही है. मौके पर सेंटर मैनेजर दीप नारायण, डायलिसिस तकनीशियन विजय तिवारी, चानसी कुमार, अवनिश कुमार, कैलाश राम के अलावे स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.
क्या कहते हैं लोग
यह सुविधा आम लोगों के लिए भी कम से कम शुल्क में उपलब्ध करायी जाये. बहुत लोगों को बीपीएल कार्ड तक नहीं बना हुआ है.
मो रफीजुल्लाह, कसमार
गरीबों को डायलिसिस सुविधा के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. अब आम लोगों को भी सुविधा हासिल होगी.
गुप्तेश्वर प्रसाद सिंह, सिटी सेंटर
आज किडनी रोग से ग्रसित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में राज्य सरकार का सफल प्रयास सराहनीय कदम है.
शैलेश कुमार, जोधाडीह मोड़, चास
विभाग के प्रयास से यह सब संभव हुआ है. लोगों को डायलिसिस के लिए बाहर नहीं जाना होगा. बेड की संख्या बढ़ाये सरकार.
विनोद कुमार सिंह, सेक्टर चार
किडनी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं. ऐसे समय में सदर अस्पताल में यह सुविधा शुरू होना बेहतर पहल है. सीएस बधाई के पात्र हैं.
विजय कुमार, सेक्टर छह
यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में शुरू की जानी चाहिए. ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग आसानी से अस्पताल पहुंच कर सुविधा लें.
शत्रुघ्न कुमार सिंह, चीरा चास
सदर अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का शुरू होना बेहतर पहल है. इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वालों को काफी सुविधा होगी.
मो मुख्तार आलम, रेलवे कॉलोनी
बीपीएल कार्डधारियों को नि:शुल्क सुविधा मिलना सबसे अच्छी पहल है. गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा में एक बेहतर कदम.
मो कमरूद्दीन, कमलापुर, कसमार
