बोकारो: कैंप दो सीएस कार्यालय के समीप झारखंड राज्य एएनएम/जीएनएम अनुबंध कर्मचारी संघ के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. अध्यक्षता आशा कुमारी व संचालन जुसपीन केरकेट्टा ने किया.
सुश्री कुमारी ने कहा : सरकार का इरादा सही नहीं है. बार-बार आश्वासन देकर हमें ठगा जा रहा है. हम स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं. इसके बाद भी हमारी सुध नहीं ली जा रही है. हमें उपेक्षित रखा जा रहा है. अनुबंध कर्मियों के साथ दोहरी नीति अपनायी जा रही है. सरकार को बताना चाहिए कि वर्ष 2007 के नाम पर कौन सा रणनीति बना रही है. सरकार न तो नियमावली में संशोधन कर रही है. न ही पद का सृजन किया है.
अस्पतालों में जीएनएम व एएनएम की कमी : सुश्री केरकेट्टा ने कहा : राज्य के अस्पतालों में जीएनएम व एएनएम की घोर कमी है. इसका प्रभाव अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों पर पड़ता है. परंतु सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है. सरकार को अब जागना होगा. अन्यथा हम सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे. मौके पर सचिव अंजु कुमारी, उप सचिव रीता कुमारी, समीना खातून, मीना कुमारी, बीना कुमारी, क्रांति कुमारी, गीता कुमारी, श्रावणी कुमारी, शबनम परवीन, शाहीना परवीन, कुमारी द्रौपदी, बेंजो कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों से आयी लगभग 100 से अधिक एएनएम व जीएनएम मौजूद थी.
