नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी प्रखंड के रुता गुट्टू अस्पताल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा जामदा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर ने मानवता और सेवा भाव की एक शानदार मिसाल पेश की. भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 27 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.
पिता-बेटी की जोड़ी बनी प्रेरणा
इस शिविर की सबसे खास झलक रही 19 साल की आर्ची प्रसाद, जिन्होंने पहली बार रक्तदान कर खुशी जाहिर की. वहीं, उनके पिता फिरोज प्रसाद ने अपना 50वां रक्तदान कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया. पिता–पुत्री की इस जोड़ी ने समाज को एक मजबूत संदेश दिया.
भीषण गर्मी में भी सेवा का जज्बा
नोवामुंडी के रक्त सेवा सदस्यों का इस शिविर में बहुमूल्य योगदान रहा. तेज धूप और उमस भरे मौसम के बावजूद उन्होंने दूर-दूर से पहुंचकर पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ रक्तदान किया. उनका यह समर्पण इस बात का प्रमाण है कि सेवा भावना किसी भी परिस्थिति से बड़ी होती है. पूरे आयोजन को सफल बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही.
स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा जामदा के प्रभारी डॉक्टर हरिपद हेंब्रम और उनकी पूरी टीम का भी अहम योगदान रहा. उनकी सक्रिय भूमिका और बेहतर समन्वय से यह रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक पूरा हुआ. साथ ही रक्त सेवा सदस्य के संस्थापक संतोष पांडा और उनकी पूरी टीम ने जिस तरह बढ़-चढ़कर इस शिविर में भाग लिया.
रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो दिया गया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है. हमारी एक बूंद रक्त किसी की जिंदगी बचा सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए.
ये लोग रहे मौजूद
नागमणि बेहरा सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. साथ ही समाजसेवी अनवर खान बबलू झा विश्वकर्मा और कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.
रक्तदान करने वालों में फिरोज प्रसाद, दीपू पान, गौतम पोद्दार, अनीश ठक्कर, आर्ची प्रसाद, वसीम आलम, अमित दास, मोहम्मद आसिफ, अजीत गुप्ता, जावेद आलम, अरविंद साहू सहित अन्य लोग शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में जल्द लागू होगी नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, लाखों सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इसे भी पढ़ें: गढ़वा के मिलावटखोरों पर एसडीएम साहेब का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 क्विंटल मिठाइयां मिट्टी में दफन
