पीएम मोदी को मृत दर्शाने वाली पोस्ट के खिलाफ भाजपा ने साइबर थाने में दी शिकायत, जांच में जुटी पुलिस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मृत दर्शाने वाली कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ भाजपा ने रांची साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी है. भाजपा ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और निष्पक्ष साइबर जांच की मांग की है.

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मृत दर्शाने वाली कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ भाजपा ने रांची साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने लिखित शिकायत देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और निष्पक्ष साइबर जांच की मांग की है.

अजय साह ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर ऋषिकेश चौहान नामक अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे अंतिम संस्कार के रूप में प्रदर्शित करने वाली सामग्री साझा की गयी. भाजपा के अनुसार, तस्वीर में प्रधानमंत्री के चित्र पर माला चढ़ी हुई दिखायी गयी है और उसके साथ अंतिम संस्कार से संबंधित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है. यह कमेंट रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर किया गया था.

भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद और सरकार या नेताओं की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी जीवित प्रधानमंत्री को मृत दर्शाने वाली सामग्री प्रसारित करना स्वस्थ राजनीतिक विमर्श नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की सामग्री के जरिए प्रधानमंत्री को अपमानित करने और लोगों को उकसाने का प्रयास किया गया है.

यह भी पढ़ें: जब गोमो पहुंचकर गायब हो गए नेताजी! झारखंड की धरती से शुरू हुई थी अंग्रेजों को चकमा देने की कहानी

डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग

अजय साह ने साइबर पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की आईपी लॉग, लॉगिन हिस्ट्री, डिवाइस डिटेल, लिंक्ड मोबाइल नंबर, ई-मेल और मेटाडाटा समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच के जरिए अकाउंट संचालक की वास्तविक पहचान सामने लायी जाये और दोषी पाये जाने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा लागू साइबर कानूनों के तहत कार्रवाई की जाये.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद देश की संवैधानिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. किसी राजनीतिक विचारधारा से असहमति या आलोचना अपनी जगह है, लेकिन प्रधानमंत्री को मृत दिखाकर उनके अंतिम संस्कार का चित्रण करना स्वीकार्य नहीं है.

अजय साह ने रांची साइबर पुलिस से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है. शिकायत दर्ज कराने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता मुदित चंदेल, विश्वजीत सिंह, राजकिशोर साहू, महेश महतो, अमन कुमार और सुमित साहू भी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >