भरनो (गुमला): भरनो प्रखंड के रायकेरा गांव स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र के पीछे से पुलिस ने 27 गौवंशीय पशुओं को बरामद किया है. पुलिस ने यह कार्रवाई बजरंग दल भरनो के कार्यकर्ताओं की सूचना पर की. सभी पशुओं को जब्त कर थाना ले जाया गया. घटना के बाद क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं की तस्करी को लेकर चर्चा तेज हो गयी है.
रात में कंटेनर से उतारे गए थे 65 पशु
बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात तस्करी के लिए करीब 65 गौवंशीय पशुओं को एक कंटेनर से उपस्वास्थ्य केंद्र के पीछे उतारा गया था. शुक्रवार की अहले सुबह इनमें से अधिकांश पशुओं को पिकअप वाहनों में लोड कर वहां से ले जाया गया. बाकी बचे 27 पशुओं को भी रात में वहां से ले जाने की तैयारी थी. इसी दौरान इसकी जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिल गयी.
ये भी पढ़ें- मवेशी लदा पिकअप जब्त, 2 तस्कर गिरफ्ता; छत्तीसगढ़ से झारखंड के बूचड़खानों में ले जाने का आरोप
सूचना पर पहुंची पुलिस, सभी पशु किए जब्त
जानकारी मिलते ही बजरंग दल अध्यक्ष सुदामा केशरी के नेतृत्व में गोलू केशरी, विजय गुप्ता, अभिषेक सिंह, बसंत केशरी, रोशन केशरी, सोनू केशरी, नीरज केशरी और गुलशन केशरी उपस्वास्थ्य केंद्र के पीछे पहुंचे. वहां 27 गौवंशीय पशुओं को देखकर उन्होंने भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी पशुओं को जब्त कर थाना ले गये.
गौ तस्करी पर रोक लगाने की मांग
बजरंग दल अध्यक्ष सुदामा केशरी ने आरोप लगाया कि भरनो प्रखंड में बड़े पैमाने पर गौवंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है. उन्होंने कहा कि लगातार हो रही तस्करी से प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने और मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.
