गांडेय : गांडेय में संचालित एसबीआइ के सीएससी संचालक की रेकी कर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया होगा. बताया जाता है कि प्रत्येक दिन अपराधी यह पता लगा रहे थे कि संचालक पवन कब बैंक से पैसा निकालता है और कितने बजे सेंटर को खोलता है. कहा जा रहा है कि बुधवार की सुबह से ही अपराधी गांडेय के समीप के इलाके में जमे हुए थे और संचालक जैसे ही बैंक से पैसा निकाल कर अपने सेंटर पहुंचा तो अपराधियों ने धावा बोल दिया. इधर घटना के बाद एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने पुलिस पदाधिकारियों को इलाके की नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू करने का निर्देश दिया.
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ उरांव व डीएसपी मिश्रा के नेतृत्व में इलाके में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया. घटना के बाद अपराधियों के गिरिडीह-महुशेमुंडा मुख्य मार्ग से होकर चपरा होते हुए डाकबंगला-देवघर की ओर फरार होने की जानकारी मिली है. पूरे इलाके को खंगाला जा रहा है. छापेमारी अभियान में गांडेय, बेंगाबाद, अहिल्यापुर थाना पुलिस को लगाया गया है. वहीं देवघर व जामताड़ा पुलिस को भी जानकारी दी गयी है. बताया जाता है कि दोनों जिले की पुलिस भी घंटों तक अपने इलाके में अपराधियों को खोजती रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को अहम सफलता हाथ नहीं लगी थी.
जल्द होगा मामले का उद्भेदन : एसडीपीओ : एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने कहा कि घटना के बाद से ही अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है. पुराने अपराधियों का भी डिटेल निकाला जा रहा है. जल्द ही मामले का उदभेदन कर लिया जायेगा.
