उग्रवादियों का उत्पात: बीरबांकी साप्ताहिक हाट में फायरिंग दो युवकों की हत्या

खूंटी: अड़की के बीरबांकी गांव में शनिवार को साप्ताहिक हाट के दौरान वर्दीधारी अपराधियों ने शनिवार की शाम को चार बजे अंधाधुंध फायरिंग की. इस दौरान अपराधियों ने बीरबांकी के गोपाल मुंडा व विश्रम मुंडा की गोली मार कर हत्या कर दी. दोनों शव रात तक बाजार में ही पड़े थे. दो अन्य युवकों के […]

खूंटी: अड़की के बीरबांकी गांव में शनिवार को साप्ताहिक हाट के दौरान वर्दीधारी अपराधियों ने शनिवार की शाम को चार बजे अंधाधुंध फायरिंग की. इस दौरान अपराधियों ने बीरबांकी के गोपाल मुंडा व विश्रम मुंडा की गोली मार कर हत्या कर दी. दोनों शव रात तक बाजार में ही पड़े थे. दो अन्य युवकों के भी घायल होने की चर्चा है. मारे गये दोनों युवक बाजार में वसूली का काम करते थे.

गोली चलने से बाजार में भगदड़ मच गयी. उग्रवादियों ने बाजार में खड़ी एक बोलेरो जीप में आग लगा दी. जीप से बाजार आये मुरहू के दो युवक वहां से भाग कर कोरवा स्थित सीआरपीएफ कैंप में शरण लिये. इसके बाद उग्रवादियों ने कोचांग के समीप एक मोटरसाइकिल भी फूंक दी. जानकारी के मुताबिक, शनिवार की शाम चार बजे साप्ताहिक हाट बाजार के दुकानदार दुकान समेटने में लगे थे. तभी 15-20 हथियारबंद उग्रवादी पश्चिम की ओर से बाजार में घुस आये. सभी बाजार में अपने विपक्षी संगठन के समर्थक को खोज रहे थे. उग्रवादियों ने बाजार में कई राउंड हवाई फायरिंग की.

करीब एक घंटा तक उग्रवादी बाजार में रहे. इस दौरान उग्रवादियों ने बाजार से गोपाल मुंडा व विश्रम मुंडा को पकड़ा और सरेआम गोली मार दी. जाते वक्त उग्रवादियों ने बाजार परिसर में खड़ी एक बोलेरो जीप व मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल की ओर कूच करने की तैयारी कर रही थी. किसी आपराधिक संगठन ने घटना की जिम्मेवारी नहीं ली है.

वर्दीधारी देख लगा सीआरपीएफ के हैं
कई दुकानदारों ने बताया कि शुरू में लगा कि बाजार में सीआरपीएफ के जवान गश्त के लिए आये हैं. इसी बीच लोगों की नजर वर्दीधारियों के पैर पर पड़ी, जो हवाई चप्पल पहने हुए थे. इसके बाद बाजार में भगदड़ मच गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >