हजारीबाग : एक जनवरी 2014 से 28 मई 2014 तक जिले भर में 73 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है. इसमें आठ महिलाएं शामिल हैं. एनएच-33 चरही से बरही तक हुई सड़क दुर्घटना में अधिकतर लोगों की मौत हुई है. जीटी रोड, चतरा मार्ग, बड़कागांव मार्ग, कटकमसांडी मार्ग, विष्णुगढ़ मार्ग समेत अन्य मार्गो में सड़क दुर्घटनाएं हुई है. इसमें 100 से अधिक महिला, पुरुष घायल हुए हैं.
मृतकों में अधिकतर युवा वर्ग के मोटरसाइकिल सवार है. मार्च माह में सबसे अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है. ट्रैफिक इंचार्ज रामाशंकर मिश्र ने कहा कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने से हो रही है. आधुनिक और हाई स्पीड बाइक से सड़क दुर्घटना बढ़ी है. युवक इस मोटरसाइकिल को चलाने में नियंत्रण नहीं बरत रहे हैं.
