दिल्ली शराब घोटाला: AAP सांसद संजय सिंह का गंभीर आरोप, बोले- सारा झूठा-बेबुनियाद मामला बना रही ED

Delhi Liquor Scam: AAP सांसद संजय सिंह ने केंद्रीय जांच एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ईडी ने चंदन रेड्डी को इतना मारा कि कान के पर्दे फट गए. उन्होंने कहा कि वहां कुछ ऐसे लोग थे जो ईडी के अधिकारी नहीं थे और उन्होंने मारपीट की.

Delhi Liquor Scam: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली आबकारी मामले को लेकर जारी जांच के बारे में बड़ा खुलासा किया है. संजय सिंह ने जांच एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ईडी ने चंदन रेड्डी को इतना मारा कि कान के पर्दे फट गए. उन्होंने कहा कि वहां कुछ ऐसे लोग थे जो ईडी के अधिकारी नहीं थे और उन्होंने मारपीट की. सांसद संजय सिंह ने कहा, मैं पूछता हूं, वो लोग कौन थे जिन्होंने चंदन रेड्डी को बेरहमी से मारा. क्या ईडी इस बात का खुलासा करेगी? उन्होंने कहा कि दिल्ली ​शराब घोटालो से जुड़े चंदन रेड्डी ने हाईकोर्ट में दायर याचिका में इस बात का खुलासा किया है.

ED तानाशाह कैसे बन गया?

आप सांसद ने कहा कि ईडी तानाशाह कैसे बन गया है. इसका आज खुलासा करूंगा. उन्होंने कहा कि ईडी को देशभर में लोग ताकतवर जांच एजेंसी मानते हैं और वो किस तरह लोगों को प्रताड़ित करती है, ये आज बताऊंगा. संजय सिंह ने कहा, ईडी वाले इस मामले से जुड़े लोगों की बेटियों, पत्नियों सहित पूरे परिवार वालों को धमकाते हैं. जांच अधिकारियों द्वारा जबरन बयान लिए जा रहे हैं. ‘आप’ सांसद ने कहा, आज मैं मीडिया को वो बता रहा हूं कि कुछ लोगों ने कोर्ट में ईडी के बारे में बताया है.

संजय सिंह का आरोप

सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली शराब घोटाला मामले से जुड़े चंदन रेड्डी को मारा, पीटा और धमकाया गया. जबरन उससे बयान दर्ज कराए गए. पिटाई की वजह से चंदन रेड्डी के कान के पर्दे फट गए. इस बात का जिक्र दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपनी याचिका में चंदन रेड्डी ने की है. अपने आरोपों के बाबत उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट का भी हवाला दिया. ‘आप’ सांसद ने कहा, दिल्ली आबकारी नीति मामले में आरोपी अरुण पिल्लई के परिवार को घमकाया और पीटा गया. इस बात को पिल्लई ने अदालत में जिक्र किया है. वहीं, समीर महेन्द्रू की पत्नी को धमकाया गया और झूठा बयान लिया गया. उन्होंने भी जज के सामने लिखित शिकायत में ये आरोप लगाए हैं. इसके अलावा, भूषण बेलगावी से जबरन झूठा बयान लिया गया. मनास्वामी प्रभु ने अदालत को लिखित में बताया है कि ईडी ने उनसे जबरन झूठे बयान लिए हैं. राघव रेड्डी पर भी दबाव बनाया गया. उन्होंने कोर्ट में जज के सामने इसका खुलासा किया है.

संसद में उठाऊंगा मामला: संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार और ईडी को आगाह करते हुए कहा कि मैं इस मसले को देश की संसद में उठाऊंगा. संसद की विशेषाधिकार समिति के सामने ईडी अधिकाकरियों की तानाशाही को उजागर करूंगा. संजय सिंह ने आशंका जताई है कि जांच अधिकारी मनीष सिसोदिया के साथ भी ऐसा कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Samir Kumar

More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >