वीडियो कॉलिंग करते हुए किशोरी ने बूढ़ी गंडक में लगायी छलांग, बचाने के लिए कूदा ऑटोचालक, दोनों की मौत

समस्तीपुर जिला मुख्यालय को जोड़नेवाले मथुरापुर घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी में वीडियो कॉल करते हुए एक किशोरी का पुल से छलांग लगाने की घटना को हम जानबूझ कर मौत को गले लगाना ही कहेंगे.

वारिसनगर (समस्तीपुर). मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पर या बाइक चलाते हुए बात करने के दौरान कई घटनाएं आये दिन हो रही हैं. लोग इतने लापरवाह हो गये हैं कि अपनी जान तक की परवाह नहीं करते हैं. इस तरह की घटनाओं को अनहोनी की श्रेणी में भी रखा जा सकता है. लेकिन, शनिवार की सुबह समस्तीपुर जिला मुख्यालय को जोड़नेवाले मथुरापुर घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी में वीडियो कॉल करते हुए एक किशोरी का पुल से छलांग लगाने की घटना को हम जानबूझ कर मौत को गले लगाना ही कहेंगे. पुलिस की जांच और सीडीआर रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि आखिर घटना के वक्त किशोरी किससे बात कर रही थी और इस तरह की घटना को क्यों अंजाम दिया.

गोताखोरों ने दोनों के शवों को बरामद किया

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक और हृदयविदारक हादसा हो गया. किशोरी को डूबते देख कर सड़क से जा रहे मथुरापुर गांव के एक ऑटो चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी भी मौत हो गयी. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शवों को बरामद किया. डूबने से मौत होनेवालों में मथुरापुर वार्ड नौ के मो सलीम (35) हैं. वहीं, किशोरी सरायरंजन थाना क्षेत्र के भोजपुर के शंभू नारायण राय की पुत्री अनुष्का राय (16) हैं. वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंघिया खुर्द पोखरैरा गांव स्थित अपनी ननिहाल में रहकर इंटर की पढ़ाई करती थी.

हाथ पुल के गार्डर से छूट गया और दोनों नदी में गिरे

शनिवार की सुबह करीब सात बजे मथुरापुर घाट स्थित नया ओवरब्रिज पर किशोरी मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉलिंग कर बात कर रही थी. वीडियो कॉलिंग के दौरान ही उसने नदी में छलांग लगा दी. छलांग लगाते देख कर ऑटो चालक सलीम उसे बचाने के लिए लोहे के छोटे पुल से नीचे उतरकर उसके हाथ को पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी ने अपनी जान बचाने के लिए युवक का हाथ भी पकड़ लिया. लेकिन,किशोरी के हाथ पकड़ते ही युवक का एक हाथ पुल के गार्डर से छूट गया और दोनों नदी में गिरे और डूब गये.

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा

घटना की खबर सुनकर आसपास से काफी संख्या में लोग जुट गये. शव मिलने के बाद मथुरापुर के कुछ शरारती युवकों ने मथुरापुर घाट स्थित दुकानों एवं वाहनों में तोड़फोड़ की. इस घटना के बाद कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये. मथुरापुर ओपी प्रभारी मो. खुशबूद्दीन मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

बोले अधिकारी

घटना दुखद है, युवती को बचाने में एक ऑटो चालक की भी मौत हो गयी है. घटना को लेकर स्थानीय थाने में यूडी केस दर्ज कर कारणों का पता लगाया जा रहा है.

– एसएच फखरी, सदर डीएसपी, समस्तीपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >