महनार : महनार नगर पंचायत के देशराजपुर वार्ड नंबर 21 में सोमवार को आपसी रंजिश में हुई मारपीट में दोनों पक्ष से दो-दो लोग घायल हो गये, जिसमें दो लोगों को गंभीर हालत में हाजीपुर रेफर किया गया है. घायलों में संजय कुमार 35 वर्ष और जितेंद्र कुमार 25 वर्ष एक पक्ष से घायल हैं, जिन्हें महनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा हाजीपुर रेफर किया गया है, जबकि वार्ड पार्षद के पति चंदेश्वर राम और रिश्तेदार वरुण राम भी गंभीर रूप से जख्मी है. उनका भी इलाज महनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया है.
पार्षद रेखा देवी के पति चंदेश्वर राम से घटना का कारण पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनके वार्ड में मथुरा के एक संवेदक द्वारा सड़क की पीसीसी ढलाई चल रहा था और वे उसी रास्ते से बाहर जा रहे थे, तो उन्हें उक्त लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की थी और वहीं लोग उनके साथ मारपीट की है. उन्होंने उक्त लोगो पर चुनावी रंजिश के तहत घटना को अंजाम देने की बात कही . जबकि दूसरे पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गयी, किंतु बात नहीं हो सकी.
