हाजीपुर : नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शुक्रवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा का कार्य शुरू हुआ. इसको लेकर दिनभर समाहरणालय परिसर में उम्मीदवारों की भीड़ लगी रही. देर शाम तक स्क्रूटनी का काम चलता रहा.
मालूम हो कि हाजीपुर नगर पर्षद और लालगंज नगर पंचायत चुनाव के लिए पिछले 19 अप्रैल से नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू हुआ था. 27 अप्रैल इसकी अंतिम तिथि थी. आठ दिनों तक चले नामांकन एक्सप्रेस में जिले के दोनो नगर निकायों को मिलाकर कुल 385 उम्मीदवार सवार हुए. हाजीपुर नगरके कुल 39 वार्डों के लिए 281 और लालगंज नगर के कुल 19 वार्डों के लिए 104 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. इन दोनों नगर निकायों के लिए 21 मई को मतदान होना है. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 एवं 29 अप्रैल को संवीक्षा (स्क्रूटनी) तथा 2 मई तक नाम वापसी की तिथि मुकर्रर की गयी है.
3 मई को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आंवटित कर दिए जाएंगे. 23 मई को मतगणना का कार्य संपन्न होगा. शुक्रवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं हाजीपुर नगर के निर्वाची पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार के कार्यालय में स्क्रूटनी का काम शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा. इस दौरान नगर के सभी वार्डों के तमाम उम्मीदवार उपस्थित थे. उधर उपसमाहर्ता, भूमि सुधार सह निर्वाची पदाधिकारी, लालगंज स्वप्निल के कार्यायल में लालगंज के नामांकन पत्रों की संवीक्षा हुई. लालगंज नगर पंचायत से उम्मीदवारों की संख्या कम होने के कारण स्क्रूटनी की काम शाम चार बजे तक पूरा हो गया.
