11 करोड़ 94 लाख सात हजार 409 रुपये के बिल को सुधार किया एक हजार 33 रुपये का
पटेढ़ी बेलसर : एक उपभोक्ता को करोड़ों का बिजली बिल भेजे जाने के मामले में प्रभात खबर में छपी खबर पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई की. खबर छपने के बाद विभाग हरकत में आया. कुछ ही घंटों में बिल को ठीक कर मात्र एक हजार का कर दिया गया. नार्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने अधिकारियों ने उपभोक्ता के घर पहुंच मामले की जांच की. भौतिक सत्यापन के बाद बिल का सुधार किया गया.बिल में सुधार होते ही उपभोक्ता ने राहत की सांस ली.
शनिवार की सुबह विद्युत कनीय अभियंता वैशाली उमेश पासवान तथा लाइन मैन मनोज कुमार की टीम ने बिल को देखा.पहले उपभोक्ता को जिस बिजली बिल को एक करोड़ 19 लाख 40 हजार 740 रुपये समझ रहे थे, वह बिल 11 करोड़ 94 लाख सात हजार 409 रुपये का निकला. यह देख जांचकर्ता का भी माथा ठनका.
बाद में जब मीटर रीडिंग की गयी, तो उपभोक्ता पर विभाग ने एक हजार 33 रुपये का बकाया बताया. विदित हो कि शुक्रवार को बीबीपुर निवासी बैजू सिंह को घरेलू कनेक्शन पर करोड़ों का नाजायज बिल भेजा गया था, जिसे देखते ही उपभोक्ता बेहोश हो गया था. बिजली विभाग का यह कारनामा नया नहीं है. इससे पहले भी उपभोक्ताओं से गलत बिल भेजे जाने की शिकायत बार-बार मिलती रही है.
