कार्रवाई. अनुमानित कीमत 50 लाख के आसपास
सोने की ईंट का वजन एक किलो साढ़े सात सौ ग्राम
हाजीपुर : वैशाली एसपी को गुप्त सूचना मिली कि औद्योगिक थाना क्षेत्र के समीप सोने की अवैध खरीद बिक्री की जा रही है. इसकी सूचना अौद्योगिक थाने की पुलिस को दी गयी. थानाध्यक्ष मधुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी. टीम में वैशाली के थानाध्यक्ष सुमन कुमार, अवर निरीक्षक मनोज ठाकुर, विजय कुमार, मनोज कुमार, चंद्रशेखर एवं सशस्त्र बल को शामिल किया गया. टीम औद्याेगिक थाना क्षेत्र स्थित डीटीओ कार्यालय के सामने एक गाछी में पहुंची,
जहां कुछ लोग खरीद-फरोख्त कर रहे थे. पुलिस को देख गाछी में खड़े लोग भागने लगे. भागने के क्रम में पुलिस ने दो लोगों को धर दबोचा. उनके पास मिले एक झोले में पुलिस को एक ड्रील मशीन, दो नीडिल, एक छेनी, एक हथौड़ी के साथ दो मोबाइल बरामद किये. पुलिस को तो पहले दोनों तस्करों ने काफी चकमा दिया. पहले उन्होंने कहा कि हमलोगों के पास सोना नहीं है. बाद शौच करने के बहाने अपने अंडरवियर के अंदर रखी साेने की ईंट छिपाने के क्रम में पुलिस ने उसे बरामद किया, जिसका वजन एक किलो साढ़े सात सौ ग्राम बताया गया. इसकी कीमत 50 लाख बतायी गयी. पकड़े गये दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल के रहनेवाले हैं. इनमें एक नज्जो उर्फ नज्जो साह मोहनपुर थाने के बोइटाबाड़ी जिला पश्चिमी मिदनापुर का व दूसरा मो फखरूद्दीन उर्फ फकीरउद्दीन पतासपुर थाने के खरई गांव जिला पूर्वी मिदनापुर का रहनेवाला है. पुलिस पकड़े गये लोगों की निशानदेही पर उनके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
