वैशाली : लालगंज-जतकौली मार्ग पर विशनपुर पलटू गांव स्थित मलंग स्थान के पास मंगलवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक स्वर्ण व्यवसायी को लूटने का प्रयास किया गया. एक अपाची बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने व्यवसायी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. अपराधियों ने छह गोलियां चलायीं.
यह महज संयोग रहा कि अपराधियों का निशाना चूक गया और सभी गोलियां व्यवसायी की बाइक की टंकी और इंजन में लगी. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सड़क पर पहुंच गये. लोगों को जुटते देख तीनों अपराधी लालगंज की ओर भाग निकले. इस कारण स्वर्ण व्यवसायी लूटने से बच गया. जानकारी के अनुसार, वैशाली थाना क्षेत्र के बिशनपुर पलटू निवासी व स्वर्ण व्यवसायी अशोक साह मदरना गांव स्थित सोना-चांदी की पूजा प्रतिष्ठान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था.
इसी दौरान मलंग स्थान के समीप वह जैसे ही पहुंचा कि पीछा करते हुए एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक कर उसे रोकने का प्रयास किया. अपराधियों की मंशा को भांपते हुए अशोक अपनी बाइक तेज कर भगाने लगा. इस बीच अपराधियों ने उसे रुकने अन्यथा गोली मारने की धमकी दी. स्वर्ण व्यवसायी ने अपनी बाइक नहीं रोकी और बाइक की स्पीड तेज कर दी. अपनी योजना में असफल होते देख अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इधर घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष ने बताया कि व्यवसायी को लूटने का प्रयास किया गया था. हालांकि अपराधी अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सके. व्यवसायी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है. व्यवसायी की निशानदेही और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की शिनाख्त करने के लिए पुलिस प्रयासरत है.
