हाजीपुर : होली की रात शहर में चोरों ने दो घरों का ताला काट कर लाखों रुपये के सामान व नकद चुरा लिये. पहली घटना नगर थाना क्षेत्र के पोखरा मोहल्ला स्थित एक व्यवसायी विंदेश्वर साह के मकान में हुई.
गुदरी बाजार में उनकी दुकान और घर है. दूसरा मकान मेदनीमल स्कूल के समीप पोखरा मोहल्ला में है, जिसमें उनके दोनों बेटे सपरिवार रहते हैं. होली पर दोनों बेटे अपनी-अपनी ससुराल गये थे. बड़ा बेटा सुजीत कुमार 10 मार्च को समस्तीपुर चला गया था. छोटा बेटा अनिल कुमार 12 मार्च को गया था. मंगलवार को अनिल कुमार को उसके पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि उसके घर के मेन गेट का ताला कटा हुआ है. अनिल हाजीपुर पहुंचा, तो देखा कि मेन गेट का ताला कटा हुआ है. घर के अंदर सभी कमरे के भी ताले काट कर चोर सभी कीमती समान चुरा कर ले गये. घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था.
अनिल ने पुलिस को बताया कि चोरी गये सामान में 10 भर सोना, जिसकी कीमत तीन लाख होगी, एक किलो चांदी, 26 हजार रुपये नकद, 20 हजार के कपड़े, एलइडी टीवी आदि गायब हैं. गृहस्वामी की सूचना पर नगर थाने के अवर निरीक्षक विद्या सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास के लोगों से पूछताछ की. इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
उधर, नगर थाने की वीरकुवंर सिंह कॉलोनी में बिदुपुर के डाकपाल सतीश कुमार सिंह के मकान में किराये पर रह रहे डाकपाल के ग्रामीण व मधुरापुर निवासी मिथिलेश सिंह के कमरे का ताला काट कर 24 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चुरा लिये गये. शहर में आरओ मशीन का कारोबार करने वाले मिथिलेश सिंह होली पर घर गये थे. इस मामले में भी नगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
