सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

दुर्घटना .चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने जा रहे थे दोनों युवक हाजीपुर : हाजीपुर-पटना एनएच-19 पर शनिवार की अहले सुबह एक अज्ञात वाहन से कुचल कर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र में बढ़ई टोला स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुई. यह घटना तब हुई जब चोरी […]

दुर्घटना .चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने जा रहे थे दोनों युवक

हाजीपुर : हाजीपुर-पटना एनएच-19 पर शनिवार की अहले सुबह एक अज्ञात वाहन से कुचल कर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र में बढ़ई टोला स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुई. यह घटना तब हुई जब चोरी की एक बाइक को ठिकाने लगाने के लिए दोनों युवक कहीं जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले गयी.
मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज निवासी हरेंद्र राय के पुत्र प्रिंस कुमार (23) के रूप में की गयी. दूसरा विक्की कुमार (22) सदर थाना क्षेत्र के दुर्गानगर कॉलोनी निवासी स्व विनोद सिंह का पुत्र था. जानकारी के अनुसार औद्योगिक थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की अहले सुबह चोरी की एक बाइक को दोनों ठिकाने लगाने जा रहे थे. इसी क्रम में एक अज्ञात वाहन और बाइक में टक्कर हो गयी. बाइक सवार दोनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी.
टक्कर की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी वहां पहुंचे. इसके बाद आसपास के लोग भी वहां जुट गये. मृतक के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को पुलिस ने सूचना दी. मृतक के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे. इसके बाद दोनों की पहचान हुई. मृतक के परिजनों ने इस बात का खुलासा किया कि जिस बाइक से दुर्घटना हुई है, वह बाइक उनकी नहीं है. पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया. इधर, बाइक के संबंध में जांच-पड़ताल कर रही पुलिस को पता चला कि बीते शुक्रवार की देर रात में यह बाइक चुरायी गयी थी. इसकी जानकारी बाइक चालक ने ही पुलिस को दी. पुलिस ने दोनों शवों का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
बरामद बाइक माइक्रो फाइनांस कंपनी के मैनेजर की निकली : एनएच-19 पर बढ़ई टोला के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत की घटना में जब्त बाइक की जांच-पड़ताल में इस बात का खुलासा हुआ कि घटनास्थल से बरामद बाइक माइक्रो फाइनांस कंपनी के मैनेजर की है. नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज मोहल्ला में रह रहे सुजीत कुमार आशीर्वाद नामक माइक्रो फाइनांस कंपनी का मैनेजर है. बीते शुक्रवार की देर रात उसकी बाइक चोरी हो गयी थी. वह अपनी बाइक की खोजबीन कर ही रहा था कि इसी बीच उसे जानकारी मिली कि एनएच पर अहले सुबह सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. दोनों युवक उसकी ही बाइक से कहीं जा रहे थे.
हाजीपुर-पटना एनएच-19 पर हादसा शुक्रवार रात में चुरायी गयी थी बाइक
क्या कहते हैं अधिकारी
हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है. दोनों युवकों की पहचान कर ली गयी है. शवों का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इस संबंध में मृतक के परिजन के बयान पर अज्ञात वाहन के चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
मधुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, औद्योगिक थाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >