बाढ़ से कटाव से बचने के लिए लगाया जायेगा बोल्डर पीचिंग
बिदुपुर : राघोपुर में बंद सभी चालीस राजकीय नलकूप को आगामी 15 दिनों के अंदर चालू करा दिया जायेगा. राघोपुर में दो नये विद्युत उप केंद्र लगाये जायेंगे. बाढ़ से कटाव ग्रस्त इलाकों को बचाने के लिए 45 करोड़ की योजना से बोल्डर पीचिंग कराया जायेगा. ये बातें राघोपुर के विधायक सह उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने शनिवार को राघोपुर प्रखंड के मोहनपुर रेफलर अस्पताल परिसर में समीक्षा बैठक के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा. उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत सुविधा तो दी गयी, लेकिन जो बच गये हैं, उन्हें जल्द ही कैंप लगाकर राहत दी जायेगी. केंद्र के नोटबंदी के कारण राहत मिलने में देरी हुई है.
सभा को संबोधित करने से पूर्व विकास योजनाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री ने जिला के अधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने रेफलर अस्पताल में स्थायी चिकित्सक नियुक्त करने के लिये मौके पर मौजूद सिविल सर्जन को निर्देश दिया. इस दौरान उन्होंने कहा की राघोपुर विधान सभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कों को पथ निर्माण विभाग में शामिल कर चौड़ीकरण करने की कवायद तेज कर दी गयी है. पुराने लंबित कार्यों को शीघ्र ही पूरा किया जायेगा. उपमुख्यमंत्री ने पावर सब स्टेशन के लिये बताये गये स्थान का भी निरीक्षण किया. साथ ही क्षेत्र के कटाव ग्रस्त नदी तट जुड़ावनपुर, मल्लिकपुर,
हेमतपुर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने क्षेत्र के कई समस्याओं को देखा एवं संबंधित अधिकारी को दिशा निर्देश दिया. सभा कि अध्यक्षता पूर्व जिला पार्षद सह राजद नेता सुरेश प्रसाद राय ने की. इस दौरान मंच पर स्थानीय राजद नेता व पूर्व मंत्री उदय नारायण राय उर्फ भोला राय, राजद नेता विजय यादव, जिलाध्यक्ष पंछीलाल राय, राकेश रमण चौबे, पूर्व मुखिया सुनील कुमार उर्फ काली राय, अशर्फी राय, माया प्रसाद सिंह, रवि चौरसिया, राज कुमार, शशि राय आदि मौजूद थे.
