सतर्कता. पुराने विवाद को लेकर वर्चस्व स्थापित करने को लेकर हुई थी फायरिंग
हाजीपुर : स्थानीय नूनगोला मोहल्ले के क्रांति चौक के समीप गुरुवार की देर रात की घटना को मुहल्लावासियों ने छेड़खानी का मामला बताने से साफ तौर पर इनकार किया है. लोगों का कहना है कि बीते दशहरे व मुहर्रम के अवसर पर हुए विवाद को लेकर गुरुवार की घटना को अंजाम दिया गया. मोहल्लावासियों में खौफ का माहौल बनाने के उद्देश्य से दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग की. बीते दशहरे व मुहर्रम के अवसर पर दो मोहल्लावासियों के बीच विवाद हुआ था. स्थानीय लोगों ने भी बताया कि गुरुवार को किसी लड़की के साथ छेड़खानी नहीं की गयी थी.
उधर, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि एक प्रीति भोज से लौट रही लड़कियों के साथ छेड़खानी की जा रही थी. पीड़ित लड़कियों के चिल्लाने और बचाने का शोर मचाने के बाद चौक पर खड़े कुछ लोग वहां पहुंचे और मनचलों के चंगुल से लड़कियों को बचाया. इसी विवाद को लेकर बाद में मनचले अपने मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ मजमा बना कर देर रात वहां पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ तथा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. मालूम हो कि गुरुवार की देर रात दो पक्षों के बीच भिड़ंत हुई थी. इस दौरान गोलीबारी और जम कर रोड़ेबाजी हुई थी. स्थिति की नजाकत और तनाव को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ चार थानों की पुलिस ने देर रात तक वहां कैंप किया था.
मोहल्लावासियों ने बतायी पूरी कहानी
नूनगोला मोहल्लावासियों ने शुक्रवार को घटना की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि क्रांति चौक पर मोहल्ले का एक अतिथि युवक और उसका साथी किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था.
अतिथि युवक बिदुपुर के गोपालपुर का रहनेवाला है. इसी बीच दूसरे पक्ष के कुछ लोग, जिनका क्रांति चौक से गहरा रिश्ता है, उन्होंने दोनों बात कर रहे युवकों के साथ बदतमीजी की और जबरन उसका पर्स उसकी जेब से निकालने का प्रयास किया. पर्स निकालने में हुई परेशानी के बाद जबरन उसकी पैंट उतार कर पर्स निकालने का प्रयास किया. साथी युवक भाग कर मोहल्ले में आया और लोगों को चौक की घटना की जानकारी दी. मुहल्लावासी नगर थाने पर दूसरे पक्ष की शिकायत लेकर पहुंचे थे. उधर दूसरे पक्ष के लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया.
नगर थाने पर जब मोहल्लावासियों को फायरिंग की सूचना मिली, तो मौके पर पुलिस भी उनके साथ-साथ पहुंची. लेकिन तब तक दूसरे पक्ष के लोग वहां से भाग निकले थे.
स्थानीय बदमाश को बताया सारे खेल का रचनाकार
नूनगोला मोहल्ले के लोगों ने बताया कि यह मामला छेड़खानी का नहीं, बल्कि एक बदमाश के द्वारा रचा गया खेल है. लोगों ने बताया कि चौक की जमीनों का कुछ हिस्सा नगर पर्षद के क्षेत्र में आता है, तो कुछ हिस्सा रेलवे के क्षेत्राधीन है. क्रांति चौक की दुकानों से उसके द्वारा रकम की वसूली भी की जाती है. अतिक्रमण और उसका व्यक्तिगत वर्चस्व कायम रहे, इसे लेकर उसने गुरुवार का खेल रचा और निर्दोष युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मामले को बेवजह तूल दी. घटना के दौरान असामाजिक तत्वों ने भी उसका साथ दिया.
लोगों ने बताया कि वह एक सजायाफ्ता मुजरिम भी रहा है. नगर थाने में उसके खिलाफ उसका अापराधिक रिकॉर्ड भी मौजूद है.जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मोहल्लावासियों ने मांग की है कि क्रांति चौक पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी बहाल की जाये. मोहल्ले के समीप कई चर्चित शिक्षण संस्थानों का हवाला देते हुए उन्होंने मांग की है कि स्कूल अवधि में चौक पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किये जाएं. चूंकि वहां मोबाइल सहित अन्य सामान के छीने जाने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं.
