महनार स्टेशन पर घंटों रुकी रहीं ट्रेनें
स्टेशन मास्टर के खिलाफ की नारेबाजी
महनार : हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर मोहिउद्दीन नगर और नंदनी लगुनिया स्टेशनों के बीच रेल ट्रैक में आयी खराबी के कारण महनार स्टेशन पर तीन घंटे तक गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस और कई सवारी गाड़ियां रुकी रहीं. इसके कारण मैट्रिक की परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों ने हंगामा भी किया. यात्रियों का आरोप था कि स्टेशन अधीक्षक ने इस बात जानकारी उन्हें क्यों नहीं दी. महनार के छात्रों का परीक्षा सेंटर हाजीपुर में है. दूसरी पाली में उपस्थित होने के लिए सभी सुबह आठ बजे वाली सवारी गाड़ी पकड़ने आये थे. सुबह छह बजे से महनार स्टेशन पर खड़ी गुवाहाटी जम्मूतवी एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे तक रुकी रही.
इसके बाद उक्त ट्रेन को शाहपुर पटोरी स्टेशन तक ले जाने की अनुमति कंट्रोल ने दी. इसके बाद सहदेई बुजुर्ग स्टेशन पर खड़ी सवारी गाड़ी को महनार लाया गया. जब 11 बजे तक पटोरी में खड़ी बरौनी सवारी गाड़ी महनार में नहीं आने की संभावना देख हाजीपुर परीक्षा देनेवाले परीक्षार्थियों एवं यात्रियों का गुस्सा भड़क गया और वे नारेबाजी करने लगे.
नाराज छात्रों को स्टेशन अधीक्षक ने समझा-बुझा कर शांत कराया. इसके बाद परीक्षार्थी सड़क मार्ग से हाजीपुर के लिए प्रस्थान कर गये. करीब 11 बजे के बाद गाड़ियों का सुचारु ढंग से आवागमन चालू किया गया. तब जाकर लोगों को राहत मिली.
