इंस्पेक्टर के आश्वासन के बाद शांत हुए लोग
चार घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप
पटेढ़ी बेलसर : बेलसर पुलिस की चौकसी को नजरअंदाज करते हुए ओपी से महज 500 गज की दूरी पर चोरों ने एक दुकान में हाथ साफ किया. बेलसर बाजार स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा के नीचे एक मोबाइल शोरूम का शटर तोड़ कर भीषण चोरी की. दुर्गा कंप्यूटर दुकान से अज्ञात चोरों ने पांच लाख से अधिक का कीमती मोबाइल फोन की चोरी कर ली. सभी मोबाइल फोन सैमसंग तथा अन्य ब्रांडेड एंड्रॉएड फोन थे.
चोरी की इस वारदात को चोरों ने बुधवार की देर रात में अंजाम दिया. चोरी की भनक दुकानदार को सुबह तब हुई,जब बगल के एक दुकानदार ने शटर टूटे होने की सूचना दी. दुकानदार जीतेन्द्र कुमार जब दुकान के अंदर घुसे तो सभी मोबाइल फोन गायब थे. दुकान के अंदर शटर उखाड़ने में प्रयोग किया गया लोहे का रड पड़ा था. बेलसर बाजार में दुकानों की सुरक्षा के लिए रात्रि में पांच चौकीदार की ड्यूटी भी लगी है. मोबाइल दुकान राजद के वरीय नेता खखन प्रसाद यादव के मार्केट में अवस्थित है. इस मार्केट में सेंट्रल बैंक और ग्रामीण बैंक की शाखा के आलावा दो दर्जन से अधिक कपड़ा, मोबाइल, ज्वेलरी, हार्डवेयर की दुकानें हैं.
10 दिनों के अंदर आधा दर्जन हुईं चोरी की घटनाएं
21 फरवरी 2017-ओपी क्षेत्र के नगवां गांव में एक ही रात तीन घरों में चोरी, दमरी सिंह, प्रमोद सिंह तथा वीरेंद्र सिंह के घर चोरों ने एक लाख से अधिक की संपत्ति उड़ायी. 23फरवरी 2017-ओपी क्षेत्र के अफजलपुर गांव में दो जगहों में चोरी, बैंककर्मी विजय कुमार मिश्रा के घर से पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य की जेवर की चोरी. हल्का नम्बर दो के राजस्व कार्यालय में महत्वपूर्ण कागजात तथा चार हजार 300 रुपये की चोरी.
आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क
चोरी की इस वारदात के बाद बेलसर बाजार के तमाम दुकान बंद रहा.आक्रोशित दुकानदार एवं लोग चोरी के विरोध में गोरौल-सरैया मुख्य मार्ग को बेलसर बाजार के समीप सड़क जाम किया. आक्राशित लोग पुलिस प्रशासन के विरोध में नारा लगा रहे थे. लोग डॉग स्क्वायड को बुलाने की मांग तथा चोरी के उद्भेदन की मांग कर रहे थे. सूचना मिलते ही बेलसर ओपी अध्यक्ष धर्मवीर कुमार भारती, सअनि बृजबिहारी राम, सुबोध कुमार सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे. लोगों की मांग पर डॉग स्क्वायड को बुलाया गया. तब तक मार्ग अवरुद्ध रहा. खोजी कुत्ता ने करीब आधा घंटा तक इधर-उधर जाने के बाद एक जगह रुक गयी. सड़क जाम की सूचना पर पुलिस निरीक्षक लालगंज मनोज कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे तथा चोरी की घटना के जल्द से जल्द उद्भेदन करने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोग शांत हुए और इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई. इस क्रम में लगभग चार घंटो तक वाहन जाम में फंसे रहे.
