अपराध . पति ने लगाया ससुर पर हत्या का आरोप
प्रथमदृष्ट्या ऑनर किलिंग का लग रहा मामला
हाजीपुर : तिसिऔता थाना क्षेत्र के मानसीपुर बिजरौली गांव में मंगलवार की देर रात अजीबोगरीब स्थिति हो गयी. एक विवाहिता की हत्या कर उसके शव उसके पिता ने अपने घर के बाहर फेंक दिया और फरार हो गये. घटना की खबर गांव में आसपास के इलाकों में आग की तरह फैल गयी. काफी संख्या में लोग मृतका के घर पर जुट गये. इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गयी. मामले की छानबीन कर शव को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, मृतक के पति मनीष कुमार ने एक प्राथमिकी में तिसिऔता थाने में दर्ज करायी.
इसमें आरोप लगाया कि मेरी शादी आठ माह पूर्व तिसिऔता थाना क्षेत्र के मानसीपुर बिजरौली गांव निवासी सुरेश पासवान की पुत्री चंदा कुमारी से हुई थी. पिछले कुछ महीनोंं से मैं अपनी पत्नी के साथ ससुराल में था. मेरे ससुर कुछ दिनों से मेरी पत्नी को मेरे साथ नहीं रहने के लिए उसे हमेशा बोला करते थे और इसके लिए उसे मारा भी था, जिससे उसे काफी चोट भी आयी थी. बीते शुक्रवार को मेरे ससुर मेरी पत्नी को लेकर कहीं चले गये थे. इसको लेकर मैं काफी परेशान भी था. कई बार में अपनी सास से अपनी पत्नी और ससुर के बारे पूछा था. मगर उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता. मंगलवार की रात लगभग एक बजे एक बोलेरो मेरे घर पर आकर लगी. जब तक हम लोग कुछ समझ पाते मेरे ससुर मेरी पत्नी का शव घर के बाहर फेंक कर फरार हो गये. इस संबंध में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मृतका के पिता को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
