बिदुपुर : पटना एसआइटी ने रविवार की देर रात बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक मैजिक वाहन पर लदे दो क्विंटल गांजे के साथ एक धंधेबाज को धर दबोचा. बरामद गांजा की कीमत दो लाख रुपये बतायी गयी है.
गिरफ्तार अनरजीत कुमार उसी थाना क्षेत्र के माइल-पकड़ी गांव निवासी जगदेव सिंह का पुत्र है. एसआइटी ने गिरफ्तार धंधेबाज और बरामद गांजा बिदुपुर पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने सोमवार को उसे सीजेएम कोर्ट में प्रस्तुत किया. कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, पटना एसआइटी को गुप्त सूचना मिली थी कि हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर पकौली गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप गांजे की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है. टीम देर रात ब्रह्मस्थान के समीप जाल बिछाया.
जैसे ही वहां धातुरेश्वर ट्रांसपोर्ट नामक मैजिक वाहन पहुंची, एसआइटी ने उसे अपने कब्जे में ले लिया. वाहन पर सवार धंधेबाज अनरजीत को मौके पर दबोच लिया. वाहन की तलाशी ली गयी. वाहन में तिरपाल के नीचे छिपा कर रखे गये गांजे के 24 बंडल बरामद किया गया. रविवार की अहले सुबह ही पटना नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप से एक ट्रक गांजा बरामद किया था. इस सिलसिले में टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर के तीन सदस्यों को धर-दबोचा था.
