हाजीपुर : हाजीपुर-पटना सेतु मार्ग पर सांईं पेट्रोल पंप के समीप ट्रक की ठोकर से घायल व्यक्ति की पटना के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक 48 वर्षीय कमलेश कुमार सिंह जढुआ बाग टोला का रहने वाला था. वह एक ऑटो मोबाइल कंपनी में बिहार एरिया मैनेजर के पद पर पदस्थापित था. यह घटना रविवार को तब हुई, जब वे अपने घर से कंपनी के डीलरों के साथ आयोजित मीटिंग में शामिल होने जा रहा था. घटना के बाद चालक ट्रक लेकर वहां से भाग निकला.
इस संबंध में कंपनी के डीलर दिग्विजय नारायण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वहां लाला राय, शैलेंद्र सिंह, अमर कुमार और स्थानीय लोग जुट गये.
आनन-फानन में घायल कमलेश को पटना के गांधी सेतु स्थित चिरायु अस्पताल में भरती करायागया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजन शव को लेकर हाजीपुर सदर अस्पताल में पहुंचे, पर सदर अस्पताल में चिकित्सकों की हड़ताल के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका. इसके बाद परिजन स्थानीय कौनहारा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया. पुत्र आदित्य विक्रम सिंह ने मुखाग्नि दी. मौके पर ऑटो मोबाइल के पदाधिकारी, डीलर और उनके सगे-संबंधी उपस्थित थे.
