घटना के बाद पंप कर्मी गये हड़ताल पर

देसरी : हाजीपुर-महनार एसएच 93 के देसरी थाना क्षेत्र के मुरौवतपुर स्थित जागेश्वरी पेट्रोल पंप पर सोमवार की देर रात हुई लूट की घटना के बाद मंगलवार सुबह से हाजीपुर-महनार एसएच 93 पर स्थित सभी पंप कर्मी घटना के विरोध में हड़ताल पर चले गये. जिसके कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. […]

देसरी : हाजीपुर-महनार एसएच 93 के देसरी थाना क्षेत्र के मुरौवतपुर स्थित जागेश्वरी पेट्रोल पंप पर सोमवार की देर रात हुई लूट की घटना के बाद मंगलवार सुबह से हाजीपुर-महनार एसएच 93 पर स्थित सभी पंप कर्मी घटना के विरोध में हड़ताल पर चले गये. जिसके कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. मालूम हो िक हाजीपुर-महनार एसएच 93 पर देसरी थाना क्षेत्र के मुरौवतपुर स्थित जागेश्वरी पेट्रोल पंप से अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर कैश काउंटर से 2 लाख 55 हजार 867 रुपये लूट लिया. घटना सोमवार देर रात की है.

पंप के संचालक भिखनपुरा निवासी जदयू नेता सह मुखिया महेंद्र राम ने बताया कि सोमवार देर रात एक काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पहले पेट्रोल दे रहे कर्मी से पांच सौ का पेट्रोल लेकर उसे दो हजार रुपये का नोट दिया. कर्मी के पास खुदरा पैसा नहीं होने के कारण वह खुदरा लेने के लिए कैश काउंटर पर चला गया. इसी दौरान बाइक पर सवार एक अन्य युवक बाइक से नीचे उतर कर इधर-उधर घूमने लगा और सीधे कैश काउंटर के अंदर प्रवेश कर गया.

वहां उसने बैठे कर्मी पर पिस्तौल तान दी. इसके बाद वहां रखे दो लाख 55 हजार 867 रुपये निकाल लिये. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर हाजीपुर की ओर भाग निकले. घटना के समय पंप पर मात्र तीन कर्मी मौजूद थे. घटना के बाद पंप कर्मी ने इसकी सूचना पंप के संचालक को दी. सूचना मिलते ही संचालक ने देसरी थानाध्यक्ष विनोद कुमार और एएसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस पंप पर पहुंची और वहां उपस्थित कर्मियों से घटना की सारी जानकारी ली. थोड़ी देर बाद ही एसपी राकेश कुमार, एएसपी उपेंद्र नाथ वर्मा, देसरी थाना अध्यक्ष विनोद कुमार पहुंच गये और घटना की पूर्ण जानकारी लेते हुए छानबीन शुरू कर दी.

मंगलवार की सुबह भी देसरी थानाध्यक्ष विनोद कुमार, चांदपुरा ओपीध्यक्ष सरफराज अहमद और इंस्पेक्टर सुदामा राय ने घटना की स्थल पर पहुंच कर सीसीटीवी देख कर पूरी जानकारी ली. पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गयी है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >