हादसा. महात्मा गांधी सेतु पर बेलगाम ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
हाजीपुर : महात्मा गांधी सेतु मार्ग पर एक बेलगाम ट्रक ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक पर सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी सीताराम शुक्ल के पुत्र शिक्षक देवानंद शुक्ल बताया गया है. बाइक पर सवार घायल वैशाली थाना के जैतीपुर निवासी रामईश्वर सिंह का पुत्र आमोद कुमार सिंह है. चिकित्सकों ने घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है.
लालगंज नगर संवाददाता के अनुसार : सोमवार की सुबह लालगंज के जलालपुर गांव के देवानंद शुक्ल का शव उनके गांव जलालपुर पहुंचा. जिसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया. सैकड़ों की संख्या में लोग मृतक के अंतिम दर्शन को उमड़ पड़े. लोगों का कहना था कि मृतक एक अच्छे शिक्षक के अलावा मिलनसार एवं सामाजिक व्यक्ति था. रविवार को बीएड का फार्म भरने पटना गये थे. वहां से फार्म भर कर लालगंज बाइक से अपने एक संबंधी के साथ लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें गांधी सेतू के पाया नंबर 16 के पास कुचल दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
उनके संबंधी जैतीपुर निवासी आमोद सिंह का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है. मृतक के परिजनों का रोते रोते बुरा हाल है. पत्नी, पुत्र, बेटी रह-रह कर बेहोश हो जा रही थी. ग्रामीणों का कहना था कि पहले वे जिस प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थे उसी में उनके बच्चे पढ़ते थे. किसी तरह कमा कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे. अब उनके परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है. रोते हुए छोटे बच्चे बच्चियों को देखकर सभी की आंखें नम थी.
