हरियाणा से पहुंच रही है विदेशी शराब की खेप

हाजीपुर : गुरुवार को गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव में छापेमारी के दौरान पकड़ी गयी विदेशी शराब की बड़ी खेप जिले की कोई पहली घटना नहीं है. इसके पहले भी शराबबंदी के बाद उत्पाद पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की थी और शराब की बड़ी खेप पकड़ी थी. कुछ ठिकानों पर […]

हाजीपुर : गुरुवार को गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव में छापेमारी के दौरान पकड़ी गयी विदेशी शराब की बड़ी खेप जिले की कोई पहली घटना नहीं है. इसके पहले भी शराबबंदी के बाद उत्पाद पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की थी और शराब की बड़ी खेप पकड़ी थी. कुछ ठिकानों पर पुलिस ने धंधेबाजों को धर दबोचने में कामयाबी हासिल जरूर की है, लेकिन ज्यादातर मामलों में पुलिस धंधेबाजों का सुराग ढूंढ़ने में असफल रही.

हालांकि कुछ मामलों में धंधेबाजों के फरार होने पर संलिप्त लोगों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की गयी. खासकर दियारा क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस प्रचुर मात्रा में महुआ जावा और चुलायी शराब बरामद करती है, एक अप्रैल से देशी व मसालेदार शराब और पांच अप्रैल से विदेशी शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोकथाम के बाद उत्पाद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर विदेशी शराब के कई ठिकानों का भंडाफोड़ किया है. अब तक जब्त शराब की सभी बोतलों पर सेल फॉर वनली हरियाणा अंकित पाया गया. सवाल यह उठता है कि हरियाणा से यूपी होते हुए जिले में शराब की बड़ी खेप पहुंच जा रही है, लेकिन उत्पाद विभाग और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती.

कब-कब पकड़ी गयी विदेशी शराब की खेप
13 अप्रैल 2016: करताहां थाना क्षेत्र के रामनगर घटारो गांव में उत्पाद विभाग ने छापेमारी की थी. एक दलान के समीप प्लास्टिक के 55 ड्राम जब्त कर पुलिस ने 11 हजार 200 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की थी. विदेशी शराब की हजारों खाली बोतलें और कॉर्क भी जब्त किया था. जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ था कि यहां विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब तैयार किया जाता था. छापेमारी की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गये थे. इस मामले में पुलिस ने ललन सिंह, भवेष सिंह और अजय राय के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
24 अगस्त, 2016 : सराय थाना क्षेत्र के महमदाबाद गांव में छापेमारी कर 405 कार्टन में रखी गयी 3608.64 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी थी. रॉयल स्टैग के विदेशी शराब की सभी बोतलों पर सेल फॉर वनली हरियाणा अंकित था. गुप्त सूचना पर उत्पाद टीम ने गांव के अली अशरफ खान और मो़ अबरार अली खान के खिलाफ कार्रवाई की थी.
26 अक्तूबर, 2016 : सदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में उत्पाद पुलिस ने छापेमारी कर 25 कार्टन में छिपा कर रखी गयी 220.32 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी. पुलिस ने इस सिलसिले में धंधेबाज व दौलतपुर गांव निवासी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
23 दिसंबर, 2016 : नगर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव में छापेमारी कर 65 कार्टन विदेशी शराब बरामद की थी. पुलिस से बचने के लिए धंधेबाजों ने शराब की बड़ी खेप हरिवंशपुर दियारे में एक झोंपड़ीनुमा मकान के समीप जमीन के अंदर गाड़ कर छिपा रखा था. यहां से जब्त की गयी सभी बोतलों पर सेल फॉर वनली हरियाणा अंकित पाया गया था.
इस सिलसिले में धंधेबाज बोतल राय, श्यामबाबू राय और राजन राय को गिरफ्तार कर उत्पाद पुलिस जेल भेज दिया था.
क्या कहते हैं एसपी
जिले में अब तक की छापेमारी से इस बात का खुलासा हुआ है कि हरियाणा से जिले में विदेशी शराब की बड़ी खेप पहुंच रही है. इसके लिए एक टीम का गठन किया गया है. हरियाणा और यूपी के सीमा क्षेत्रों में टीम को भेजा गया है. शराब के धंधेबाजों को चिह्नित किया गया है. इस दिशा में जल्द ही ठोस कार्रवाई की जायेगी.
राकेश कुमार, एसपी, वैशाली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >