भगवानपुर : थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने आठ वर्ष की एक बालिका के साथ दुष्कर्म कर दिया. जानकारी के अनुसार एक गांव में आठ वर्षीया एक बालिका के साथ उसी गांव के निवासी शशि भूषण चौधरी ने इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपित बालिका को बहला-फुसला कर अपने घर में ले गया और बालिका से दुष्कर्म किया.
दुष्कर्म के बाद बालिका बेहोश हो गयी. काफी देर तक बालिका जब अपने घर के आसपास नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. उसी समय किसी ग्रामीण ने जानकारी दी कि बालिका आरोपित के घर में बेहोश पड़ी है. यह सुनते ही लोग आरोपित के घर में प्रवेश कर गये. वहां बालिका बेहोश मिली. उसके आसपास खून गिरा देख कर लोग सन्न रह गये और बालिका को तत्काल होश में लाकर उसे पुलिस के पास लेकर पहुंचे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपित के घर पहुंची.
पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगा, जिसे ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया. बाद में बच्ची को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से एक मोटी रकम भी बरामद की गयी है, जिसकी जांच की जा रही है.
