120 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा टमाटर
हाजीपुर : चार दिनों तक हुई बारिश से हरी सब्जियों की कीमत में काफी उछाल आ गया. बारिश से पहले हरी सब्जियों की कीमत अपेक्षाकृत काफी कम थी. स्थानीय गुदरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में बारिश के बाद टमाटर सहित अन्य सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं. बारिश के पहले टमाटर 40 रुपये प्रति किलो मिला करता था. जबकि बारिश के बाद से गुदरी बाजार सहित अन्य सब्जी मंडियों में टमाटर 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. सब्जी मंडी में पहले जो भिंडी 10 रुपये प्रति किलो उपलब्ध थी, वह अब 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है. वहीं पांच रुपये प्रति पीस बिकने वाला कद्दू अब 20 रुपये प्रति कद्दू बिक रहा है.
गुदरी बाजार स्थित सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने बताया कि खीरा जो बारिश के पहले 16 रुपये किलो था, वह अब 20 रुपये प्रति किलो के भाव से बाजार में बिक रहा है. हरी मिर्ची भी 60 रुपये प्रति किलो की जगह अब 80 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रही है. इसी तरह अन्य सब्जियों के भाव भी चार दिनों की बारिश के बाद आसमान छूने लगे हैं.
